शक्ति प्रदर्शन नहीं, देव दर्शन: गहलोत सरकार सोई, सत्ता मद में खोई: वसुन्धरा राजे

89

पाँचो राज्यों में भाजपा करो तैयारी, 2023 में भाजपा की बारी

कोटा। पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुन्धरा राजे ने कहा है कि उनके जन्म दिवस का कार्यक्रम शक्ति प्रदर्शन, नहीं देव दर्शन था। भगवान के साथ-साथ उन्हें इस कार्यक्रम के माध्यम से जनता रूपी देवी-देवताओं के भी दर्शन का अवसर मिला।प्रदेश के 200 विधानसभा क्षेत्रों से, गुजरात, हरियाणा,एमपी और दिल्ली यहाँ तक कि पाकिस्तान बॉर्डर तक से लोग आये,यह देव दर्शन का ही तो प्रतिफल है।सही मायने में यह हमारे राजस्थान के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं,हाड़ौती के लोगों और केशव राय पाटन के व्यक्तियों का कमाल था, इसलिए इसकी गूंज पूरे राजस्थान में हुई। कोटा में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार सोई है,सत्ता के मद में खोई है।विकास अवरुद्ध हो गया है।यह झूँठे सपने दिखाने वाली थोथी घोषणायें की सरकार है। राजे ने कहा कि पाँचो राज्यों के चुनाव में भाजपा ही जीत का परचम फहरायेगी। राजे ने कहा कि केशव राय पाटन से जब बुधवार को सुबह वे कोटा के लिए रवाना होने लगी तो कार्यकर्ताओं ने उनसे पूछा क्या आदेश है ? उन्होंने कहा कि मेरा जवाब था ‘करो तैयारी 2023 में भाजपा की बारी’। उन्होंने कहा कि चर्मण्यवती नदी को इस पार से उस पार तक 500 मीटर की चुनरी से ओढ़ाना अपने आप में बहुत मुश्किल काम था,जिसे हमारे कार्यकर्ताओं,नाविकों,पुजारियों और स्थानीय लोगों ने कर दिखाया।

पूर्व महाराव बृज राज सिंह को श्रद्धांजली दी

वे पूर्व महारावल बृज राज सिंह के घर पहुँची। जहाँ उन्होंने पूर्व महाराव बृज राज सिंह को श्रद्धांजली दी।उनके पुत्र व पूर्व सांसद इज्य राज सिंह, पुत्रवधु व लाड़पुरा विधायक कल्पना देवी को सांत्वना दी। इसके बाद वे पूर्व संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत और पूर्व विधायक प्रह्लाद गुंजल के यहाँ गई।इससे पूर्व स्व. बृज राज सिंह गांवड़ी,राजेश शर्मा,विकास नागर,उमा हाड़ा, सुशीला शर्मा, डॉ.दया कृष्ण विजय,बीरामा देवी ‘चमन’ को उनके घर जाकर श्रद्धांजली दी, परिजनों को ढाँढस बँधाया।

जन्मदिन के सफल आयोजन के लिए वसुन्धरा राजे ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार

कोटा/बूंदी/जयपुर। पूर्व सीएम व भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती वसुन्धरा राजे ने केशव राय पाटन में आयोजित कार्यक्रम के लिए प्रदेशवासियों के साथ-साथ सभी कार्यकर्ताओं और जो लोग प्रदेश के सदूर इलाक़ों से आए,लेकिन केशव राय पाटन के 7 किमी पहले ही जाम में फँस जाने के कारण वापस लौट गए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया है। राजे ने पंडितो,केशव राय पाटन के स्थानीय लोगों सभी जनप्रतिनिधि व पूर्व जनप्रतिनिधियों केशव राय पाटन पालिका बोर्ड,चुनरी महोत्सव को सफल बनाने वाले नाविक, स्थानीय व्यवस्था में लगे कार्यकर्ताओं के सभी समूह,बस संचालक संघ,बूंदी ज़िला प्रशासन,कोटा संभाग प्रशासन,कोटा ज़िला प्रशासन को भी धन्यवाद दिया है। उन्होंने घर का काम काज छोड़ कर हज़ारों की संख्या में आई नारीशक्ति का भी आभार जताया है और भगवान केशव राय जी,भगवान मुनि सुव्रत नाथ जी और माँ चर्मण्यवती से प्रार्थना की है कि वे हमेशा ऐसी ही कृपा बनाए रखें तथा राजस्थान को प्रगति के पथ पर ले जाने के हमारे संकल्प ‘आओ साथ चले’ को पूरा करें।