ग्राम विकास अधिकारी संघ ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया एक दिवसीय धरना

प्रतापगढ़। जिला ग्राम विकास अधिकारी संघ प्रतापगढ़ के चरणबद्ध आंदोलन में जिले के समस्त ग्राम विकास अधिकारियों ने शनिवार को प्रदर्शन कर अपनी मांगे मानने की चेतावनी दी। धरने को अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ प्रतापगढ़ के जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह ने संबोधित किया और कहा कि राज्य सरकार को अभी सभी घटक संगठनों के द्वारा बारी बारी से चेतावनी दी जा रही है। सरकार कर्मचारी हित में मांगे मान ले अन्यथा संपूर्ण कर्मचारी सड़कों पर होंगे।

धरने को जिला पटवार संघ के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र मीणा ने संबोधन करते हुए कहा कि पटवारी और ग्राम विकास अधिकारी ग्राम पंचायत में दो सगे भाई की तरह हैं। दिनभर चले धरने को ग्राम विकास अधिकारी संगठन के धरियाबाद ब्लॉक अध्यक्ष रविंद्र सिंह राव, पीपलखूंट ब्लॉक अध्यक्ष राजेश डोडियार, धरियावद मंत्री बालकिशन खटीक, पूर्व अध्यक्ष गिरिराज मीणा, ग्राम विकास अधिकारी विक्रम सिंह, जिला उपाध्यक्ष सुरेश हेड़ा, जिला अध्यक्ष घनश्याम गायरी, जिला मंत्री राधेश्याम धाकड़, संभाग मंत्री अब्दुल हकीम मंसूरी ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार 11 सूत्री मांगों के लिए सकारात्मक पहल करते हुए हमारी मांगों को मानकर आदेश जारी कराए।

वेतन विसंगति दूर कर ग्रेड पे 3600 करने, 9,18, 27 वर्ष की सेवा पर एसीपी के स्थान पर 8,16,24 एवं 32 वर्ष की सेवा पर चयनित वेतनमान स्वीकृत करने, ग्राम विकास अधिकारियों को दिए जा रहे विशेष कार्य भत्ते को विशेष वेतन में परिवर्तित कर मूल वेतन का 10 त्न करने सहित विभिन्न मांगे शामिल है।

यह भी पढ़े-महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता कार्यक्रम में कानूनी जानकारियां दी

Advertisement