
नई दिल्ली। विनेश फोगट और बजरंग पुनिया ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। इस दौरान पार्टी महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी मौजूद थे। देश के प्रमुख पहलवानों विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की, जिससे उनके जल्द ही कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब देश में राजनीतिक माहौल गरम है और आगामी चुनावों की तैयारी जोरों पर है। आपको बता दे की बुधवार को विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इसके बाद अब कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों पहलवानों की टिकट पक्की हो सकती है।
दरअसल, कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलों के पीछे की वजह यह मानी जा रही है कि साल 2023 से चल रहे भारतीय पहलवानों के विरोध के पीछे की वजह भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के तत्कालीन अध्यक्ष और भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह थे। पहलवानों ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद से ही पहलवानों की भाजपा से नाराजगी साफ तौर पर दिखाई देने लगी थी।
विनेश फोगाट ने पिछले शनिवार को किसान आंदोलन के 200 दिन पूरे होने पर किसानों के प्रति अपना समर्थन जताया थी। वह शंभू और खनौरी बॉर्डर पर पहुंची थीं। इस दौरान विनेश से यह भी पूछा गया कि क्या वह चुनाव लड़ेंगी? इस पर पहलवान ने जवाब दिया कि वह राजनीति के बारे में नहीं जानतीं, लेकिन किसानों का पूरा समर्थन करती हैं। विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों ने उस समय और भी जोर पकड़ लिया जब दोनों ने राहुल गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस एक-दो दिन में हरियाणा में अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करने वाली है।