जुलाना से चुनाव लड़ेंगी विनेश फोगाट, हरियाणा में कांग्रेस की 2 लिस्ट जारी

विनेश फोगाट
विनेश फोगाट

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 6 सितंबर की देर रात दो लिस्ट में 32 उम्मीदवारों का ऐलान किया। पहली लिस्ट में 31 उम्मीदवारों का ऐलान किया गया। डेढ़ घंटे बाद दूसरी लिस्ट में एक कैंडिडेट का नाम घोषित किया। पार्टी ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत अपने सभी 28 सिटिंग विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है। पहली लिस्ट में 5 महिलाओं और 3 मुस्लिम चेहरों को भी टिकट मिला है। पार्टी ने पहली लिस्ट में पानीपत की इसराना सीट के मौजूदा विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि के नाम का ऐलान नहीं किया था। डेढ़ घंटे बाद उनके टिकट की घोषणा अलग से की गई। विनेश फोगाट कांग्रेस

कांग्रेस
कांग्रेस

शुक्रवार दोपहर 3.13 बजे कांग्रेस में शामिल हुईं पूर्व रेसलर विनेश फोगाट को जुलाना से उम्मीदवार बनाया गया है। विनेश फोगाट का ससुराल जींद जिले के बख्ता खेड़ा गांव में है, जो जुलाना विधानसभा सीट के तहत ही आता है। ये जाट बहुल सीट है। भाजपा ने दो दिन पहले जारी अपनी पहली लिस्ट में 67 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे। राज्य में 5 अक्टूबर को मतदान होगा। रिजल्ट 8 अक्टूबर को आएगा।

कांग्रेस की पहली लिस्ट की 7 खास बातें

पार्टी ने ईडी जांच में फंसे अपने तीनों विधायकों को टिकट दी है। इनमें सोनीपत से सुरेंद्र पंवार, समालखा से धर्म सिंह छौक्कर और महेंद्रगढ़ से राव दान सिंह शामिल हैं। सुरेंद्र पंवार 20 जुलाई 2024 से जेल में बंद हैं।
कांग्रेस ने पहली लिस्ट में जिन 3 मुस्लिम चेहरों को टिकट दी, उनमें मामन खान, मुहम्मद इलियास और आफताब अहमद शामिल हैं। इन्हें मुस्लिम बाहुल्य नूंह जिले की तीनों सीटों से उतारा। 2019 में यही तीनों विधायक बने थे। मामन खान नूंह हिंसा का भी आरोपी है। वह अभी जमानत पर है।
पार्टी की पहली लिस्ट में सिर्फ एक नए चेहरे पर दाव लगाया गया। यह चेहरा है विनेश फोगाट का जो जुलाना से चुनाव लड़ेंगी।
कांग्रेस ने पहली लिस्ट में दो दलबदलुओं को टिकट दिए। इनमें नीलोखेड़ी से धर्मपाल गोंदर और शाहाबाद सीट से रामकरण काला शामिल हैं। 2019 में गोंदर नीलोखेड़ी से निर्दलीय चुनाव जीते जबकि रामकरण काला जननायक जनता पार्टी के टिकट पर शाहाबाद से विधायक चुने गए थे।
पार्टी हाईकमान ने सिरसा की लोकसभा सांसद कुमारी सैलजा के 4 समर्थकों को टिकट दी। इनमें असंध से शमशेर सिंह गोगी, कालका से प्रदीप चौधरी, नारायणगढ़ से शैली चौधरी और साढ़ौरा से रेनू बाला शामिल हैं। यह चारों मौजूदा विधायक हैं।
कांग्रेस ने पहली लिस्ट में 5 महिला चेहरे मैदान में उतारे। इनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, साढ़ौरा से रेनू बाला, जुलाना से विनेश फोगाट, कलानौर से शकुंतला खटक और झज्जर से गीता भुक्कल शामिल हैं।
पार्टी की पहली लिस्ट में 2019 का विधानसभा चुनाव हार चुके सिर्फ एक नेता चौधरी उदयभान को टिकट दी गई। उदयभान इस समय प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी हैं। उदयभान 2019 में होडल सीट पर बीजेपी के जगदीश नैय्यर के हाथों हार गए थे। भाजपा ने अपनी पहली लिस्ट में जगदीश नैय्यर की टिकट होल्ड कर ली।

यह भी पढ़ें : राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 108 आईएएस बदले