गरमाया देश का माहौल

  • गुडग़ांव एक्सप्रेस वे पर विरोध प्रदर्शन के चलते इंडिगो के कू्र मेंबर्स जाम में फंस गए, इसके बाद एयरलाइन ने उड़ानें रद्द कीं
  • दिल्ली के 5 इलाकों में गुरुवार को 4 घंटे इंटरनेट बंद रखा गया, असम में भी शुक्रवार सुबह 9 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा
  • बेंगलुरु में इतिहासकार रामचंद्र गुहा को हिरासत में लिया गया, दिल्ली में जेएनयू के पूर्व छात्र नेता उमर खालिद भी हिरासत में

नई दिल्ली
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में गुरुवार को वामदलों और मुस्लिम संगठनों ने देशभर में बंद बुलाया। 12 राज्यों में प्रदर्शन और हिंसा की घटनाएं हुईं। जिन राज्यों में प्रदर्शन हुए, उनमें 6 में भाजपा सत्ता में है। उत्तर प्रदेश के संभल में प्रदर्शनकारियों ने बस में आग लगा दी। लखनऊ में भीड़ ने पुलिस पर गोलियां चलाईं। दिल्ली-गुडग़ांव एक्सप्रेस वे पर जाम लगने के कारण कू्र मेंबर्स फंस गए, जिसके चलते इंडिगो को दिल्ली से 19 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। 16 फ्लाइट्स में देरी हुई।
केंद्रीय गृह मंत्रालय देशभर में नागरिकता कानून को लेकर जारी विरोध के मामले में बैठक करेगा। वहीं, इसी मामले पर सोनिया गांधी के निवास पर कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक हुई।

भारत की आवाज नहीं दबा सकती सरकार : राहुल गांधी 
नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर देशभर के कई स्थानों पर हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में आवाज उठाते हुए टृवीट कर कहा कि सरकार को मेट्रो ट्रेनों को रोकने, इंटरनेट पर प्रतिबंध लगाने और कॉलेज बंद करने का कोई अधिकार नहीं है। राहुल गांधी ने कहा कि ये सरकार भारत की आवाज नहीं दबा सकती है।बता दें कि नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर देशभर के कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को दिल्ली में भी विरोध प्रदर्शन हुए। वहीं यूपी की राजधानी लखनऊ, संभल समेत कई स्थानों पर नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जबरदस्त विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। यूपी के कई इलाकों में आगजनी की भी घटनाएं हुई। गुजरात में विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।  

गुजरात में हिंसा, मंगलूरू में कफ्र्यू
गुजरात में अहमदाबाद के शाह आलम इलाके में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया। कई पुलिसकर्मी हुए घायल। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कर्नाटक के मंगलूरू में पुलिस ने कफ्र्यू लगा दिया है। साथ समूचे कर्नाटक में धारा 144 लगा दी गई है।  

नुकसान की भरपाई करेंगे : योगी
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- मैंने इस मामले (हिंसा) पर बैठक बुलाई है। विरोध प्रदर्शन के नाम पर आप हिंसा नहीं कर सकते। हम ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। जो दोषी होंगे उनकी संपत्ति जब्त करके नुकसान की भरपाई की जाएगी। 

जनमत संग्रह करा लें : ममता
ममता बनर्जी ने कोलकाता में कहा, आजादी के 73 साल बाद अचानक हमें यह साबित करना होगा कि हम भारतीय नागरिक हैं। उस समय भाजपा के सिर और पूंछ कहां थे, अब भाजपा देश को विभाजित कर रही है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से कहा- अपना विरोध नहीं रोकें क्योंकि हम नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू होने नहीं दे सकते। उन्होंने कहा, संयुक्त राष्ट्र या राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग जैसे निष्पक्ष संगठन जनमत संग्रह कर देखें कि कितने लोग इसके पक्ष में हैं और कितने लोग इसके खिलाफ हैं।