पश्चिम बंगाल : वक्फ कानून को लेकर हुए बवाल पर पुलिस सख्त, 12 और गिरफ्तार

हिंसक विरोध प्रदर्शन
हिंसक विरोध प्रदर्शन

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में वक्फ (संशोधन) अधिनियम को लेकर हुए हिंसक विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में 12 और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इलाके में तीन लोगों की मौत हो गई थी और सुरक्षाकर्मियों समेत कई अन्य लोग घायल हुए थे। पुलिस ने रविवार को बताया कि मुस्लिम बहुल जिले में कहीं से भी हिंसा की कोई नई घटना सामने नहीं आई है। सुरक्षा बल कड़ी निगरानी रख रहे हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘जिले के सुती, धुलियान, समसेरगंज और जंगीपुर इलाकों में स्थिति शांतिपूर्ण है। दोषियों को ढूंढ निकालने के लिए रात भर छापेमारी की गई। इस दौरान 12 और लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही अब तक 150 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।’

धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू

उन्होंने बताया कि हिंसा प्रभावित इलाकों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है और इंटरनेट बंद कर दिया गया है। सुरक्षा बल मुख्य सड़कों पर वाहनों की जांच कर रहे हैं। संवेदनशील इलाकों में गश्त की जा रही है। अधिकारी ने कहा, ‘हिंसा की घटनाओं की जांच चल रही है और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।’

घर से दो शव बरामद, तीसरे की मौत गोली लगने से हुई

इससे पहले शुक्रवार को कक्फ कानून के विरोध में बंगाल के विभिन्न हिस्सों में हिंसा हुई थी। सबसे ज्यादा प्रभावित मुर्शिदाबाद हुआ था। यहां हिंसा भड़कने के कारण पुलिस वैन समेत कई वाहनों में आग लगा दी गई। सुरक्षा बलों पर पत्थर फेंके गए। सड़कें जाम कर दी गईं। शनिवार को भी कुछ जगहों पर हिंसा भड़कने की खबरें आईं। हिंसा के बीच शनिवार को समसेरगंज के जाफराबाद में एक व्यक्ति और उसके बेटे के शव उनके घर से बरामद किए गए, जिन पर चाकू से कई वार किए गए थे। उनकी पहचान हरगोबिंदो दास और चंदन दास के रूप में हुई है। एक अन्य की मौत गोली लगने से हुई।

समसेरगंज पहुंचे डीजीपी, स्थिति का जायजा लिया

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को सुती के सजुर मोड़ पर झड़पों के दौरान शनिवार को एजाज मोमिन नामक 21 वर्षीय व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। शुक्रवार को हुई हिंसा में कम से कम 18 पुलिसकर्मी घायल हुए थे। शनिवार रात समसेरगंज पहुंचे डीजीपी राजीव कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति का जायजा लिया था।