छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश से ज्यादा सीटें लेकर प्रदेश मेंं फिर बनाएंगे सरकार : गहलोत

सीएम अशोक गहलोत
सीएम अशोक गहलोत

जोधपुर। सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि हम ऐसी तैयारी करेंगे कि छत्तीसगढ़ व एमपी से ज्यादा सीटें लेकर राजस्थान में सरकार बनाएं। गहलोत ने सोमवार को जोधपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से यह बात कही। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की बात को हम चुनौती के रूप में स्वीकार कर रहे हैं। राहुल ने कहा था कि राजस्थान में मुकाबला है…कांग्रेस जीत सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी सात दौरे कर चुके हैं। प्रदेश की जनता कांग्रेस के पक्ष में मन बना चुकी है। विधायक सूर्यकांता व्यास के मुख्यमंत्री की तारीफ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यास भाजपा की सीनियर लीडर है। उन्होंने अपनी भावना रखी है।

शेखावत पर तंज… मैं जेल जाने को तैयार

सीएम अशोक गहलोत
सीएम अशोक गहलोत

गहलोत ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर तंज कसते हुए कहा कि संजीवनी के मामले में गरीबों को न्याय मिलता है तो मैं जेल जाने के लिए भी तैयार हूं। गरीबों को हक दिलाने के लिए राजनीति से हटकर सभी पार्टियों के कार्यकर्ताओं और नेताओं को आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैंने इस संबंध में पीएम नरेंद्र मोदी को भी पत्र लिखा है। गहलोत ने कहा कि मैंने किसी के लिए कोई दुर्भावना नहीं रखी। मैंने कोई कैंपेन नहीं चलाया। एक केंद्रीय मंत्री का स्कैंडल सामने आ रहा है। इनकी पार्टी के लोगों को समझना चाहिए।

यह भी पढ़ें : पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन के बीच संतुलन साधना जरूरी : राजीव अरोड़ा