दिल्ली में सर्दी ने तोड़ा 119 साल का रिकॉर्ड

दिन में 9.4ए से ऊपर नहीं चढ़ पाया पारा, उत्तर भारत के 8 राज्यों में शीतलहर

नई दिल्ली
दिल्ली में सर्दी ने 119 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दिल्ली के तीनों केंद्रों पर सोमवार (30 दिसंबर) को दिन का अधिकतम तापमान 9.4ए रहा, जो 1901 के बाद सबसे कम है। सोमवार को दोपहर 2:30 बजे पालम में 9.0ए, आया नगर में 7.8ए, रिज में 8.4ए और लोधी रोड में 9.2ए अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली में 28 दिसंबर, 1997 सबसे ज्यादा सर्दी पड़ी थी। उस समय दिन का अधिकतम तापमान 11.3ए सेल्सियस रहा था, लेकिन सोमवार को यह रिकॉर्ड टूट गया। सोमवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3ए से नीचे दर्ज हुआ था। वहीं, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, मध्यप्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में शीतलहर चल रही है। घने कोहरे के कारण दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से 16 उड़ानें डायवर्ट हुईं और 4 को रद्द कर दिया गया। यहां 530 फ्लाइटों ने देरी से उड़ान भरी। लद्दाख की द्रास घाटी और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तापमान लगातार माइनस में बना हुआ है। एक सप्ताह से जारी सर्दी से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने 30 दिसंबर से 02 जनवरी तक देश के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसके बाद तापमान में और गिरावट आ सकती है। सिक्किम, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और लद्दाख में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है।

जयपुर में ठंड ने 55 साल का रिकॉर्ड तोड़ा, तापमान 1 डिग्री पहुंचा, एक किसान की मौत

राजस्थान प्रदेश में शीतलहर का कहर लगातार जारी है। जयपुर में सोमवार को न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को पिलानी का तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस, सीकर का तापमान शून्य से नीचे 0.5 डिग्री, माउंट आबू का तापमान एक डिग्री, चुरू का तापमान 1.3 डिग्री, गंगाघाट का तापमान 1.5 डिग्री, बूंदी का 2.6 डिग्री और वनस्थली का तापमान 2.2 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले राजधानी जयपुर में रविवार रात न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो 55 साल में दूसरा सबसे कम तापमान है। प्रदेश के 22 शहरों में पारा 5 डिग्री सेे नीचे दर्ज रहा है। छह शहरों में माइनस से नीचे के तापमान में रहा है। जोबनेर में लगातार चौथे दिन तापमान जमाव बिंदू से नीचे रहा। उदयपुर के करेड़ा में सर्दी से किसान नारायण भील (35) की मौत हो गई है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जयपुर में 13 दिसंबर, 1964 को सबसे कम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था।