
होली का त्योहार यानी रंगों का त्योहार। इस साल यह 25 मार्च को मनाया जाएगा। इस मौके पर लोग अबीर-गुलाल से एक-दूसरे के चेहरे रंगते हैं और खूब धमाल मचाते हैं। अपने दोस्तों के साथ इस त्योहार का मजा ही कुछ और होता है। एक-दूसरे को रंगने की होड़ में लोग तरह-तरह के रंगों के इस्तेमाल से एक-दूसरे को रंग लगाते हैं। रंगों से खेलने में जितना मजा आता है, उतनी ही मेहनत उन्हें साफ करने में लगती है।
खासकर, चेहरे से रंग साफ करना बहुत मुश्किल होता है। चेहरे की त्वचा काफी नाजुक होती है, इसलिए इसे जोर से रगडऩे से स्किन छिलने का खतरा रहता है। इसलिए चेहरे से रंग साफ करते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। इस परेशानी से बचाने के लिए हम कुछ ऐसे टिप्स लाए हैं, जिनकी मदद से आप आसानी से अपने चेहरे का रंग साफ कर सकते हैं। आइए जानते हैं चेहरे से रंग साफ करने के उपाय।
आटे और नींबू से स्क्रब करें

होली का रंग उतारने के लिए नहाने से पहले गेंहू का आटा लें और उसमें कुछ बूंद नींबू मिलाएं। आटे का एक गाढ़ा पेस्ट बना लें और उसे अपने चेहरे पर लगाकर 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर पानी से हल्के हाथों से मसाज करते हुए आटे को चेहरे से छुटाएं। फिर सादे पानी से चेहरे को धो लें। इससे चेहरे पर लगा जिद्दी रंग आसानी से उतर जाएगा। आटा डेड सेल्स को साफ करता है और नींबू एसिडिक होता है, जो रंग को हल्का करने में मदद करता है। इस कारण इन दोनों को मिलाकर लगाने से चेहरे का रंग आसानी से उतर जाता है।
दही और बेसन फेस पैक

यह फेस पैक एक तीर से दो शिकार का काम करता है। यह रंग उतारने में मदद तो करता ही हैं, साथ ही, यह त्वचा को ग्लोइंग बनाने में भी सहायता करता है। इस फेस पैक को बनाने के लिए बेसन में दही, एक चुटकी हल्दी और नींबू का रस मिलाकर, इसका पेस्ट बना लें। इसके बाद पेस्ट को अपने चेहरे पर लगाकर 20-25 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर हल्के हाथों से धीरे-धीरे रगडक़र छुड़ा लें। इसके बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो लें। इससे चेहरे का रंग मिनटों में उतर जाएगा।
मुलतानी मिट्टी का स्क्रब
चेहरे से पक्का रंग उतारने के लिए मुलतानी मिट्टी से बना स्क्रब न केवल चेहरे पर बल्कि पूरे शरीर पर लगाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए मुलतानी मिट्टी में पपीता और शहद मिलाएं और इसका गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसके बाद इसे अपने चेहरे पर लगाएं और सूखने दें। जब यह सूख जाए, तो गीले हाथों से इसे रगडक़र छुड़ाएं। इससे रंग आसानी से निकल जाएगा।
यह भी पढ़ें : अरविंद केजरवाल ने जेल से लिखा पत्र