असम राइफल्स की महिला सैनिकों को बड़ी जिम्मेदारी, पुरुष जवानों के सहयोग के लिए विमेन सोल्जर को कश्मीर में तैनात किया गया

भारतीय सेना ने असम राइफल्स की महिला सैनिकों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इन्हें पुरुष जवानों के सहयोग के लिए कश्मीर में तैनात किया गया है। इनकी तैनाती मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में हुई है, जहां वे आतंकवाद विरोधी अभियानों में जवानों का साथ दे रही हैं।

महिलाओं और बच्चों की तलाशी के लिए ये सुरक्षाकर्मी मोटर-व्हीकल चेकप्वॉइंट्स पर तैनात हैं। साथ ही वो कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन के दौरान घर-घर की तलाशी में भी मदद करती हैं।

महिला सुरक्षाकर्मी ज्योत्सना कहती हैं कि अभियान के दौरान हम ध्यान रखते हैं कि इससे महिलाओं को समस्या का सामना न करना पड़े। तलाशी के बाद हम उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाते भी हैं। हमें उम्मीद है कि कश्मीरी लड़कियां भी प्रेरित होंगी और देश की सेवा के लिए सेना में शामिल होंगी।

महिला सुरक्षाकर्मी रुमान रूपाली ने कहा कि हम पुरुषों की तरह ड्यूटी करती हैं। हम घेराबंदी और तलाशी अभियान में जाते हैं। हम डरने वाले नहीं हैं और चुनौती भरे काम से खुश हैं। हम स्थानीय महिलाओं की सेवा के लिए यहां हैं।

इन महिला जवानों को पहले कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में तैनात किया गया था। इन्हें नशीले पदार्थों की बढ़ती तस्करी को रोकने की जिम्मेदारी दी गई थी। दरअसल, नियंत्रण रेखा के पास जाने वाली महिला संदिग्धों की तलाशी लेने में पुरुष जवानों को दिक्कत हो रही थी।

यह भी पढ़ें-भारत में पिछले 24 घंटे में 42,766 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले, 1206 मरीजों की मौत