वीडियो में देखिए, इजरायल जा रहे मालवाहक जहाज को हूती विद्रोहियों ने कैसे टुकड़े-टुकड़े करके डुबो दिया

सना। यमन के हूती विद्रोही और इजरायल के बीच संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है। लाल सागर में हूतियों का कहर जारी है। हूतियों ने एक बार फिर इजरायल की तरफ जा रहे ग्रीस के मालवाहक जहाज हमला किया। हमला ​इतना खतरनाक था कि जहाज के टुकड़े हो गए। इसके बाद वह समुद्र में डूब गया।

 

एक सप्ताह में यह दूसरा जहाज है, जिसे हूतियों ने डुबोया है। यूरोपीय नौसैनिक मिशन के अनुसार, हूती हमले के बाद चालक दल के छह सदस्यों को बचा लिया गया है और कम से तीन अन्य मारे गए हैं। जहाज पर 25 चालक दल के सदस्य सवार थे। सोमवार को जब जहाज लाल सागर से गुजर रहा था, उसी दौरान छोटी नावों से दागे रॉकेट-प्रोपेल्ड ग्रेनेड से इस पर हमला किया गया था, जिससे काफी नुकसान पहुंचा था।

वीडियो भी सामने आया
समंदर में डूबते हुए जहाज का वीडियो भी सामने आया है। इस बीच हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि उन्होंने रविवार को जिस मालवाहक जहाज को निशाना बनाया था वह लाल सागर में पूरी तरह डूब गया है। इस हमले के बाद जहाज के चालक दल के 22 सदस्यों को जहाज छोड़ना पड़ा था। वीडियो में देखा जा सकता है कि डूबने से पहले जहाज में भीषण धमाके हो रहे हैं। हूती विद्रोहियों ने सोमवार दोपहर ‘मैजिक सीज’ पर हमले की जिम्मेदारी ली थी।