योशिहिडे सुगा ने जापान के प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की

टोक्यो। जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिडे सुगा ने प्रधानमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। सुगा ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि वह सत्तारूढ़ दल के नेतृत्व के लिए तैयार हैं। सुगा के इस एलान के बाद से उन्हें प्रधानमंत्री शिंजो आबे के बाद पीएम की कुर्सी को संभालने के लिए प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। 

बता दें कि, जापान की सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी आगामी 14 सितंबर को पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के उत्तराधिकारी का चुनाव करेगी। खराब स्वास्थ्य और बीमारियों के कारण आबे ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।

वहीं, प्रधानमंत्री की दौड़ में पूर्व रक्षा मंत्री शिगेरू इशिबा और पूर्व विदेश मंत्री फ्यूमियो के बाद अब जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिडे सुगा का नाम भी शामिल हो गया है। 14 सितंबर को होने वाले पार्टी के आंतरिक मतदान में सुगा एक पसंदीदा उम्मीदवार के रूप में उभर कर सामने आए हैं।

गौरतलब है कि 65 साल के शिंजो आबे लंबे समय से पेट से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं। वे इस महीने दो बार 17 और 24 अगस्त को अस्पताल जा चुके हैं। इसके बाद से ही जापानी मीडिया में उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चा चल रही थी। स्थानीय मीडिया के अनुसार आबे नहीं चाहते थे कि उनकी सेहत के कारण सरकार के कामकाज पर किसी तरह का असर पड़े। इसी कारण उन्होंने 28 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पद छोडऩे की घोषणा कर दी। अगस्त महीने में ही आबे ने बतौर प्रधानमंत्री सात साल छह महीने का समय पूरा किया था।

आंत से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं आबे

शिंजो आबे लंबे समय से आंत से जुड़ी बीमारी अल्सरट्रेटिव कोलाइटिस से जूझ रहे हैं। इस बीमारी में आंत में सूजन जैसी समस्याएं होती हैं। इस बीमारी के कारण ही आबे को 2007 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के एक साल बाद इस्तीफा देना पड़ा था। अब वे नियमित इलाज के जरिए अपनी बीमारी को नियंत्रण में रखते हैं।