आपकी अपनी बेटी आपसे लेने आई है जीत का आशीर्वाद: मंजू शर्मा

लोकसभा प्रत्याशी मंजू शर्मा
लोकसभा प्रत्याशी मंजू शर्मा

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर लोकसभा प्रत्याशी मंजू शर्मा ने शुक्रवार का किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में सघन जनसंपर्क किया। उन्होंने चांदपोल बाजार से लेकर छोटी चौपड तथा परकोटा क्षेत्र के विभिन्न बाजारों का दौरा कर भाजपा को वोट देने की अपील की।

मंजू ने कहा आपकी अपनी बेटी जीत का आशीर्वाद आपसे लेने आई है। उन्होंने पूर्व सांसद स्व. गिरधारी लाल भार्गव के घर जाकर मालती भार्गव से जीत का आशीर्वाद प्राप्त किया।

जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान स्थान स्थान पर स्व. भंवरलाल शर्मा, स्व. गिरधारीलाल भार्गव और स्व. रामदास अग्रवाल, स्व. मोहनदास अग्रवाल के नारे गुंजायमान होते रहे।

इस दौरान जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी मंजू शर्मा ने कहा कि जयपुर शहर का परकोटा वह क्षेत्र है जहां उनका बचपन बीता है औैर यहां की गलियों में खेलते हुए ही वे बडी हुई है। उनकी पूरी शिक्षा भी इसी क्षेत्र में हुई है और यहां के लोगों के प्रति उनका गहरा जुडाव भी है।

उन्होंने जब भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी की तो परकोटा क्षेत्र के लोगों ने गहरी आत्मीयता दर्शाते हुए हमेशा उनका साथ दिया है, परकोटे क्षेत्र के विकास यात्रा की शुरूआत स्व. भंवरलाल शर्मा व स्व. गिरधारीलालजी भार्गव ने ही की है।

ऐसे में ह्रदय की अनंत गहराइयों से यहां को लोगों को धन्यवाद देने के साथ ही सहयोग मांगने के लिए आई है। इस दौरान आमजन ने अपनी बहन मंजू शर्मा को मत व समर्थन का भरोसा दिलाया।

सांसद रामचरण बोहरा ने कांग्रेस नेताओं को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सांप्रदायिकता की राजनीति करते हुए दो समुदायों के बीच खाई खोदने का कार्य किया है। यह लोग सनातन धर्म को गाली देने का कार्य करते हैं जिससे परेशान होकर इनके नेता ही अब धीरे धीरे इनका साथ छोड रहे हैं।

कांग्रेस की नीतियों से दुखी होकर राहुल गांधी की कोर कमेटी के सदस्य गौरव वल्लभ ने भी कांग्रेस छोड दी। कांग्रेस पार्टी खुलेआम हमारी आस्था का अपमान कर रही है। देश ने कांग्रेस के पापों की हमेशा कीमत चुकाई है। अब इन परिवारवादियों के भ्रष्टाचार की लूट का हिसाब हो रहा है तो सब एक हो रहे हैं।

इस दौरान पूर्व विधायक मोहनलाल गुप्ता ने कहा राजस्थान में कांग्रेस के शासन के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी हुई नहीं है। बाहर से अपराधी आकर कभी भी यहां वारदात करते और भाग जाते थे लेकिन अब भाजपा शासन आने के बाद हालात यह है कि यहां कोई भी बाहर का अपराधी आने की हिम्मत ही नहीं कर रहा है।

10 साल पहले देश खस्ता हालत में था। कांग्रेस की लूट के कारण अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी। दुनिया में भारत की साख गिरती जा रही थी। हाल इतने बुरे थे कि आजादी के इतने दशक बाद भी देश के लोग जीवन की छोटी-छोटी जरूरतों के लिए जूझ रहे थे। करोड़ों गरीबों के सिर पर छत नहीं थी।

करोड़ों लोगों को पीने का पानी उपलब्ध नहीं था। हमारे गांव अंधेरे में डूबे थे। वहां बिजली भी नहीं पहुंची थी। लाखों-करोड़ की लूट से सरकारी खजाना खाली ही रहता था।

उस दौर में देश के लोगों को नरेन्द्र मोदी के रूप में एक उम्मीद की किरण दिखाई दी। अब 10 साल के दौरान भारत विश्वगुरू के रूप में उभरकर सामने आया है। आज भारत विश्व की पांचवी बडी अर्थव्यवस्था बन गया है।

पूर्व विधायक सुरेन्द्र पारीक ने कहा कि देश में 50 से अधिक वर्षों तक शासन करने वाली पार्टी के दिन इतने बुरे आ गए हैं कि अब उन्हें चुनावी मैदान में उतरने के लिए कोई प्रत्याशी ही नहीं मिल रहे हैं।

इसके कारण सीकर औैर नागौर में कांग्रेस ने गठबंधन किया है, राजसमंद में प्रत्याशी ने चुनाव लडने से मना कर दिया है औैर बांसवाडा डूंगरपुर में तो विधायक ने ही नामांकन दाखिल करने से इनकार कर दिया है। कांग्रेस के बडे नेता हार के भय से चिंतित है इसलिए कोई चुनाव लडने को तैयार नहीं है।

यह कांग्रेस नेताओं के कुकर्मों का फल है जो अब उन्हें चुनाव में उतरने के लिए पहले प्रत्याशी नहीं मिलते और जब किसी को जबरदस्ती चुनाव में उतारते हैं तो उसे वोट नहीं मिलते। राजस्थान में भी जन जन ने यह ठान लिया है कि सभी 25 सीटों पर भाजपा को अभूतपूर्व विजय दिलानी है।