अल्पाइन ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा टूटा

छह की मौत, 18 लोग बर्फ की चट्टानों में दबे

इटली में अल्पाइन ग्लेशियर का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। उसकी चपेट में आने से 6 लोगों की मौत हो गई। आठ अन्य लोग घायल हो गए। 18 लोग बर्फ और चट्टानों के मलबे में फंसे हैं। अल्पाइन बचाव सेना के प्रवक्ता वाल्टर मिलान के अनुसार यह घटना पुंटा रोक्का के पास मरमोलाडा पर्वत पर हुई। यह इटालियन डोलोमाइट्स में सबसे ऊंचा पर्वत है। मरमोलाडा की ऊंचाई 11,000 फीट है। फंसे लोगों को निकालने के लिए पांच हेलिकॉप्टर और खोजी श्वानों की मदद ली जा रही है। रेस्क्यू कोर की ऑफिसर मिशेला कैनोवा के अनुसार घायलों में से दो को बेलुनो के अस्पताल ले जाया गया। एक को गंभीर हालत में ट्रेविसो के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पांच लोगों को ट्रेंटो के अस्पताल ले जाया गया।

यह भी पढ़ें : आदित्य नारायण ने फैंस को दिखाया बेटी त्विषा का चेहरा

गर्मी के चलते टूटा ग्लेशियर?

यह पता नहीं चला है कि ग्लेशियर टूटने की यह घटना किन कारणों से हुई, लेकिन पिछले माह से इटली में भीषण गर्मी पड़ रही है। माना जा रहा है कि इसी कारण से ग्लेशियर टूटा। मौसमविद् ग्लोबल वार्मिंग को भी इसकी वजह मानते हैं। इस बीच, इटली के अल्पाइन पर्वत के एक हिस्से पर प्रायोगिक रूप से तिरपाल बिछाकर उसे सूर्य से बचाने का जतन किया जा रहा है।
इटली सरकार ने यह काम कैरोसेलो टोनाले कंपनी को सौंपा था। अब देखना होगा कि इस प्रयोग से ग्लेशियर को पिघलने व टूटने से बचाया जा सकेगा या नहीं? यह तिरपाल सफेद रंग की होने से सूर्य किरणों को प्रत्यावर्तित करने में सफल रही तो दुनियाभर में ग्लेशियरों की सुरक्षा की यह तकनीक लोकप्रिय हो सकती है।