शिवराज की सरकार में 28 मंत्रियों को विभागों का बंटवारा

ज्योतिरादित्य सिंधिया की बुआ यशोधरा राजे को खेल एवं युवा कल्याण, तकनीकी शिक्षा और रोजगार विभाग मिला

भोपाल। शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रिमंडल विस्तार के 11वें दिन विभागों का बंटवारा कर दिया। इसी के साथ उन्होंने विभागों में फेरबदल कर दिया है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से स्वास्थ्य विभाग छीनकर सिंधिया समर्थक डॉ. प्रभुराम चौधरी को दे दिया है। सिंधिया समर्थकों को उनकी पसंद के विभाग को दिए गए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने पास सामान्य प्रशासन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन समेत ऐसे विभाग रखे हैं जो किसी अन्य मंत्री के पास नहीं हैं।

चौथी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार शनिवार को ग्वालियर आए शिवराज सिंह चौहान ने संभागायुक्त कार्यालय में बैठक के बाद कहा था रविवार को नए मंत्रियों को विभाग मिल जाएंगे। रविवार को उन्होंने भोपाल में दावा किया कि आज की मंत्रियों के विभागों के बंटवारा हो जाएगा। हालांकि, लिस्ट सोमवार सुबह ही आई।

शिवराज के चौथे कार्यकाल में सीएम समेत 34 मंत्री

2 जुलाई को मंत्रिमंडल विस्तार में 28 मंत्रियों ने शपथ ली। इनमें 9 सिंधिया खेमे से हैं। 3 कांग्रेस छोड़कर आने वाले नेता हैं। जबकि भाजपा के 16 विधायक मंत्री बने थे। शिवराज सरकार में अब 25 कैबिनेट और आठ राज्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री को मिलाकर 34 मंत्री हैं।

ग्वालियर चंबल से 8 मंत्री, यहां 16 सीटों पर उपचुनाव

ग्वालियर-चंबल की 16 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। इस क्षेत्र में सिंधिया की मजबूत पकड़ है। यहां से 8 नेता गिर्राज दंडोतिया, ऐंदल सिंह कंसाना, सुरेश धाकड़, ओपीएस भदौरिया, महेंद्र सिंह सिसोदिया, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भारत सिंह कुशवाह मंत्री हैं।

क्षेत्रीय संतुलन में सिंधिया की चली

भाजपा सूत्र बताते हैं कि ग्वालियर-चंबल की सबसे ज्यादा सीटों पर उपचुनाव होना है। सिंधिया समर्थक गिर्राज दंडोतिया, ऐंदल सिंह कंसाना, सुरेश धाकड़, ओपीएस भदौरिया, महेंद्र सिंह सिसोदिया, इमरती देवी, प्रद्युम्न सिंह तोमर, भारत सिंह कुशवाह मंत्री बनाए गए हैं। इसमें ऐंदल सिंह कंसाना सिंधिया समर्थक नहीं माने जाते हैं।