भारत में पिछले 24 घंटे में 52,956 नए मरीज मिले, 1423 मरीजों की मौत

देश में रविवार को कोरोना के 52,956 मामले सामने आए। इस दौरान 77,967 लोग ठीक भी हुए और 1,423 संक्रमितों की मौत हुई। नए मरीजों का आंकड़ा बीते 89 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 23 मार्च को 47,239 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

इस तरह पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 26,457 की कमी रिकॉर्ड की गई। फिलहाल 6 लाख 97 हजार 893 मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में 78 दिनों के बाद यह आंकड़ा 7 लाख से नीचे आया है। इससे पहले 3 अप्रैल को देश में 6 लाख 87 हजार 434 एक्टिव केस थे।

देश के 10 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

इस बीच तेलंगाना सरकार ने राज्य में 20 जून से लॉकडाउन को पूरी तरह से हटा दिया है। देश में महामारी के बीच पाबंदियों को पूरी तरह हटाने वाला यह पहला राज्य बन गया है।यहां 1 जुलाई से स्कूल भी खोल दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें-महाराष्ट्र: तेज़ हुई लेटर पॉलिटिक्स, भाजपा ने कहा- उद्धव ठाकरे को विचार करना चाहिए