राजस्थान में बनेंगे दो नए औद्योगिक पार्क, 902 करोड़ रुपये होंगे खर्च

राजस्थान में औद्योगिक निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए बूंदी और बालोतरा में दो आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने की तैयारी है। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने दोनों परियोजनाओं के प्रस्ताव 30 नवंबर तक केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए हैं। कुल 681.33 एकड़ जमीन पर 902.64 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ये पार्क विकसित किए जाएंगे।

  • बूंदी और बालोतरा में 681.33 एकड़ में बनेंगे औद्योगिक पार्क।
  • दोनों परियोजनाओं पर 902.64 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान।
  • सड़क, बिजली, पानी और श्रमिक आवास जैसी सुविधाओं से बढ़ेंगे निवेश और रोजगार।

Rajasthan Plans Two Industrial Parks in Bundi and Balotra at Rs 902 Crore:  राजस्थान में औद्योगिक निवेश को नई गति देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में राज्य सरकार ने दो नए औद्योगिक पार्क विकसित करने की तैयारी तेज कर दी है। बूंदी और बालोतरा में प्रस्तावित इन पार्कों पर करीब 902.64 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। दोनों परियोजनाओं के लिए कुल 681.33 एकड़ भूमि प्रस्तावित की गई है।

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) के तहत गठित राज्य स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने रीको की ओर से प्रस्तुत दोनों प्रस्तावों की आर्थिक व्यवहार्यता का समुचित आकलन करने और इन्हें 30 नवंबर तक केंद्र सरकार को भेजने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़े :राज्यपाल बागडे का नए IPS अधिकारियों को संदेश, बोले- राष्ट्र प्रथम की भावना से करें काम

बूंदी और बालोतरा में यहां विकसित होंगे पार्क

बैठक में रीको ने दो औद्योगिक पार्कों की योजना प्रस्तुत की। इनमें बूंदी जिले में लाखेरी के नजदीक खरायता में 370.05 एकड़ भूमि पर 468.49 करोड़ रुपये की लागत से औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है।

वहीं, बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के पास बोरावास-कलावा द्वितीय चरण में 311.28 एकड़ क्षेत्र में 434.15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से दूसरा औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा।

उद्योग शुरू करने के लिए मिलेंगी तैयार सुविधाएं

रीको के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला ने बताया कि प्रस्तावित पार्कों में उद्यमियों को एक ही स्थान पर सड़क, बिजली, पानी और भंडारण जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। ‘प्लग एंड प्ले’ व्यवस्था के तहत उद्योग लगाने के लिए तैयार आधारभूत ढांचा भी विकसित किया जाएगा।

इसके अलावा श्रमिकों के लिए आवास और हरित क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव है। इससे उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में सहूलियत मिलेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकेंगे।

Related Articles

Back to top button