जवाहर सिंह बेढ़म का अशोक गहलोत पर तीखा हमला : ‘अपने मुंह मियां मिट्ठू’ बनना छोड़ें, विज्ञापनों से ढका था कुशासन

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयानों पर निशाना साधते हुए कांग्रेस शासनकाल की कानून-व्यवस्था, पेपरलीक, बेरोजगारी और बिजली की स्थिति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार ने अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए विज्ञापनों पर सरकारी धन खर्च किया। साथ ही ईआरसीपी और यमुना जल समझौते को लेकर भी गहलोत को घेरा।

  • गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर बोला हमला, कहा- ‘अपने मुंह मियां मिट्ठू बनने’ की आदत छोड़ें।
  • कांग्रेस सरकार पर लगा गंभीर आरोप- नाकामियों और काले कारनामों पर ‘गुलाबी पर्दा’ डालने को निजी एजेंसी पर बहाया सरकारी पैसा।
  • पेपरलीक, महिला अत्याचार और अटकी जल योजनाओं पर घेरा, बोले- सीएम भजनलाल शर्मा के काम देख बेचैन हैं गहलोत।

Jawahar Singh Bedham’s sharp attack on Ashok Gehlot : राजस्थान की सियासत में इन दिनों बयानबाजी का पारा सातवें आसमान पर है। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर बेहद तीखा पलटवार करते हुए उन्हें प्रदेश का सबसे झूठा नेता करार दिया। बेढ़म ने कहा कि गहलोत बार-बार भ्रामक और झूठे दावे करके राजस्थान की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पब्लिक सब जानती है।

यह भी पढ़ें ; पंचायत चुनाव में जनता ने दिखाया सुशासन-कुशासन का फर्क : गहलोत

विज्ञापन और प्रचार-प्रसार को लेकर पूर्व सरकार को घेरते हुए बेढ़म ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल की नाकामियों और काले कारनामों पर ‘गुलाबी पर्दा’ डालने के लिए एक निजी एजेंसी को ठेका दिया था, जिस पर जनता की गाढ़ी कमाई को पानी की तरह बहाया गया। उन्होंने नसीहत दी कि विज्ञापनों के दम पर राजनीति करने वालों को दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबां में झांकना चाहिए और सरकारी धन के दुरुपयोग का हिसाब देना चाहिए।

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की याद दिलाते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा कि उस दौर में राजस्थान अपराध, महिला अत्याचार और दुष्कर्म की घटनाओं के कारण पूरे देश में बदनाम हुआ। पेपरलीक माफियाओं ने लाखों युवाओं के सपनों को कुचला, जबकि महंगी बिजली, बेरोजगारी और किसानों से वादाखिलाफी कांग्रेस शासन की पहचान बन गई थी। बेढ़म ने सवाल उठाया कि अगर गहलोत सरकार ने वाकई इतने अच्छे काम किए थे, तो जनता ने उन्हें सत्ता से बेदखल क्यों किया? इसलिए अब गहलोत को ‘अपने मुंह मियां मिट्ठू बनने’ की आदत छोड़ देनी चाहिए।

यह भी पढ़ें ; गहलोत के आरोपों पर मदन राठौड़ का पलटवार, गिनाए विकास के आंकड़े

मौजूदा भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बेढ़म ने कहा कि कांग्रेस शासन में ईआरसीपी (ERCP) और यमुना जल समझौते जैसी जीवनदायिनी योजनाएं सिर्फ फाइलों में अटकी रहीं। जो काम गहलोत सपने में भी नहीं सोच पाए, उन्हें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महज तीन साल में धरातल पर उतारकर दिखा दिया है। यही वजह है कि अब गहलोत की बेचैनी और राजनीतिक ईर्ष्या साफ झलक रही है।

Related Articles

Back to top button