बाल विवाह के खिलाफ राजस्थान का बड़ा कदम, बेटियों को मिला सम्मान
जयपुर में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने समाज से इस कुप्रथा के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। कार्यक्रम में जागरूकता वैन और बीवीएमआर पोर्टल लॉन्च किए गए। बाल विवाह रोकने में योगदान देने वाली बेटियों को सम्मानित कर उनकी कहानियां साझा की गईं।
- बाल विवाह जैसी कुरीति को जड़ से खत्म करने के लिए जयपुर में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान इसे जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।
- कार्यक्रम में BVMR पोर्टल, थीम गीत, जागरूकता सामग्री और मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर अभियान को नई रफ्तार दी गई।
- सवाई माधोपुर की कविता मीणा सहित कई चेंज एजेंट बालिकाओं और संस्थाओं को बेटियों के हक व सुरक्षा के लिए सम्मानित किया गया।
Rajasthan’s major step against child marriage : बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को खत्म करने के लिए केवल सरकारी प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में यह बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि बाल विवाह रोकने के लिए अब केवल जागरूकता और भाषणों तक सीमित रहने के बजाय जमीन पर ठोस कार्रवाई करनी होगी। इसके लिए अभियान को जन-आंदोलन का रूप देना जरूरी है।

महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के दो वर्ष पूरे होने और संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा घोषित बाल विवाह एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर भगत सिंह मेहता सभागार, एचसीएम रीपा परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास तथा बाल अधिकारिता मंत्री दिया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह के खिलाफ काम करने वाली साहसी बालिकाओं को सम्मानित किया गया। दिया कुमारी ने उनके संघर्ष और उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, सही अवसर और परिवार व समाज का सहयोग मिले तो बेटियां अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक बुराई नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों और उनके भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
हर गांव और ढाणी को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की पहल से बाल विवाह के खिलाफ अभियान को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है। जिस तरह ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला, उसी तरह इस मुहिम को भी सफल बनाना होगा।
यह भी पढ़ें ; आदिवासी गांवों की तस्वीर बदलने में राजस्थान बना देश का नंबर 1 राज्य
उन्होंने बाल विवाह को दंडनीय अपराध बताते हुए लोगों से अपील की कि कहीं भी ऐसी घटना की जानकारी मिले तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें। कई बार सामाजिक दबाव और पारिवारिक पाबंदियों के कारण बच्चियां अपनी बात सामने नहीं रख पातीं। ऐसे में आसपास के लोगों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को इस अभियान का चैंपियन और ब्रांड एंबेसडर बनना चाहिए। बचपन पढ़ने, सीखने और आगे बढ़ने के लिए है, न कि कम उम्र में शादी के बोझ तले दबने के लिए।
2030 तक बाल विवाह मुक्त राजस्थान का लक्ष्य
कार्यक्रम में शासन सचिव पूनम ने कहा कि बाल विवाह को केवल गरीबी से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। इसके पीछे सामाजिक सोच और पुरानी मानसिकता भी बड़ी वजह है। उन्होंने कहा कि बेटियों को कम उम्र में गृहस्थी की जिम्मेदारी देने के बजाय उन्हें डॉक्टर, शिक्षक, वैज्ञानिक और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। राज्य का लक्ष्य वर्ष 2030 तक राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाना है।
बाल अधिकारिता विभाग की ओर से अभियान की नई रणनीति की जानकारी भी दी गई। जनवरी 2026 में ग्राम विकास अधिकारियों, पटवारियों और संस्था प्रधानों को भी बाल विवाह निषेध अधिकारी (CMPO) के रूप में जिम्मेदारी देने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही बाल विवाह रोकने के लिए निषेधाज्ञा प्राप्त करने को अनिवार्य किया गया है। मिशन वात्सल्य और ‘कवच’ के माध्यम से पंचायत स्तर पर बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर काम किया जा रहा है। बीवीएमआर पोर्टल को ‘शाला दर्पण’ से जोड़ने का प्रस्ताव भी है।
पोर्टल लॉन्च, जागरूकता वैन को दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम से जुड़ी गतिविधियों को गति देने के लिए बीवीएमआर पोर्टल और सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री का विमोचन किया गया। साथ ही जागरूकता मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। वैन के जरिए लोगों तक ‘बचपन बचाएंगे, बाल विवाह मिटाएंगे’ का संदेश पहुंचाया जाएगा। अभियान का थीम गीत ‘बचपन को मिले उड़ान, बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ भी जारी किया गया।
इस अवसर पर संयुक्त राष्ट्र जनसंख्या कोष (UNFPA) से जुड़ी चेंज एजेंट बालिकाओं मनोज कुमारी, हर्षिता मेघवंशी, मयंक सिंह, अंजू, अरबिया, हर्षिता, आयशा और आरुषि बैरवा को सम्मानित किया गया। आयशा ने छह बाल विवाह रुकवाने में भूमिका निभाई है। बाल विवाह की रोकथाम में उल्लेखनीय योगदान के लिए UNFPA को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया।
कविता मीणा की कहानी बनी प्रेरणा
कार्यक्रम में सवाई माधोपुर की कविता मीणा की कहानी ने खास तौर पर लोगों का ध्यान खींचा। ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की ब्रांड एंबेसडर कविता ने बताया कि वर्ष 2018 में UNFPA से जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी बहन और राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी सहेली का बाल विवाह रुकवाया था।
यह भी पढ़ें ; ग्रामीण राजस्थान के विकास पर बड़ा मंथन, नाबार्ड ने तय की नई रणनीति
उनके प्रयासों का असर उनकी ग्राम पंचायत में भी दिखाई दिया है, जिसे बाल विवाह मुक्त बनाया गया है। इसी क्षेत्र की अनंता और ज्योति जैसी बेटियां कजाकिस्तान में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। कविता की पहल ने यह संदेश दिया कि एक व्यक्ति की कोशिश भी पूरे गांव की सोच बदल सकती है।
कार्यक्रम में सरदार पटेल पुलिस यूनिवर्सिटी, जोधपुर के कुलगुरु आलोक त्रिपाठी, बाल अधिकारिता आयुक्त निकया गोहाएन, विशेष योग्यजन आयुक्त इकबाल खान, UNFPA की त्रिशा पारीक और अंतरा त्रिवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।



