8 दिसंबर से सजेगा प्रवासी राजस्थानी दिवस का मंच, 7,500 से ज्यादा पंजीकरण
राजस्थान में प्रवासी राजस्थानी दिवस का आयोजन इस बार तीन दिनों तक होगा। 8 से 10 दिसंबर तक चलने वाले कार्यक्रम में देश-विदेश में बसे प्रवासी राजस्थानी, निवेशक और विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। अब तक 7,500 से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने तैयारियों की समीक्षा कर सभी विभागों को समयबद्ध काम पूरा करने के निर्देश दिए।
- प्रवासी राजस्थानी दिवस का तीन दिवसीय आयोजन 8 से 10 दिसंबर तक झुंझुनूं और जयपुर में भव्य स्तर पर किया जाएगा।
- जयपुर में होने वाले मुख्य समारोह और विशेष सत्रों में शामिल होने के लिए अब तक 7,500 से अधिक प्रवासियों और निवेशकों ने पंजीकरण कराया है।
- मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बैठक कर शहर के सौंदर्यीकरण, सुरक्षा और ‘विकसित राजस्थान-2027’ की झलक दिखाने के सख्त निर्देश दिए।
The stage for ‘Pravasi Rajasthani Diwas’ will be set starting December 8 : राजस्थान की संस्कृति, विरासत और विकास की तस्वीर देश-दुनिया में बसे प्रवासियों के सामने पेश करने की तैयारी तेज हो गई है। इस साल प्रवासी राजस्थानी दिवस तीन दिवसीय आयोजन के रूप में मनाया जाएगा। 8 से 10 दिसंबर तक होने वाले कार्यक्रमों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शासन सचिवालय में समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को तय समयसीमा में तैयारियां पूरी करने और आयोजन को यादगार बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रवासी राजस्थानियों और निवेशकों में खासा उत्साह है। अब तक 7,500 से अधिक लोग पंजीकरण करा चुके हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि आयोजन में राजस्थान की पहचान और आधुनिक विकास, दोनों की झलक नजर आनी चाहिए। प्रवासियों को यहां अपनेपन का एहसास हो और वे अच्छी यादें लेकर लौटें, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए।
छह विशेष सत्रों में दिखेगी विकसित राजस्थान की तस्वीर
10 दिसंबर को मुख्य आयोजन के साथ छह विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें पर्यटन, शहरी विकास, उद्योग, ऊर्जा, माइनिंग और प्रवासी राजस्थानी संवाद जैसे विषय शामिल हैं। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि इन सत्रों की रूपरेखा ‘विकसित राजस्थान-2027’ की सोच के अनुरूप तैयार की जाए, ताकि प्रदेश में विकास की संभावनाओं और भविष्य की योजनाओं को प्रभावी ढंग से सामने रखा जा सके।
यह भी पढ़ें ; बाल विवाह के खिलाफ राजस्थान का बड़ा कदम, बेटियों को मिला सम्मान
आयोजन में शामिल होने वाले विशिष्ट अतिथियों के लिए सुरक्षा, वीवीआईपी मूवमेंट, प्रोटोकॉल, आवास, परिवहन और अतिथि सत्कार की व्यवस्थाओं को भी प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा जयपुर में सफाई अभियान चलाने, सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त रोशनी और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का काम समय पर पूरा करने को कहा गया है।
समीक्षा बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, राजस्थान फाउंडेशन, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग, परिवहन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ऊर्जा, शहरी विकास, पर्यटन, खान और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
खेतड़ी से जयपुर तक होंगे तीन दिन के कार्यक्रम
इस बार प्रवासी राजस्थानी दिवस के तहत अलग-अलग स्थानों पर तीन दिनों तक विशेष आयोजन होंगे। 8 दिसंबर को झुंझुनूं जिले के खेतड़ी स्थित अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित की जाएगी। इसके अगले दिन यानी 9 दिसंबर को जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में प्रवासी सांस्कृतिक संध्या होगी। वहीं, 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें ; महज 15 की उम्र में ‘पिस्टल क्वीन’ का कमाल, नेशनल स्कूल गेम्स में जीते दो गोल्ड
प्रवासियों को आयोजन से जोड़ने के लिए देश के अलग-अलग शहरों में भी संपर्क कार्यक्रम किए गए हैं। कोलकाता, भुवनेश्वर, बेंगलुरु और गुवाहाटी में ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ आयोजित कर लोगों को आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी 16 अक्टूबर को जयपुर में प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद किया था। इस दौरान देश और विदेश में बसे कई प्रवासी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़े थे।
हर साल 10 दिसंबर को मनाया जाएगा प्रवासी राजस्थानी दिवस
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024 के दौरान 10 दिसंबर को हर वर्ष प्रवासी राजस्थानी दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इसी क्रम में इस साल दूसरा प्रवासी राजस्थानी दिवस आयोजित किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि इस आयोजन के जरिए प्रवासी राजस्थानियों को अपनी मातृभूमि से जोड़ने के साथ प्रदेश में निवेश, पर्यटन और विकास की संभावनाओं को भी नई दिशा मिले।



