जयपुर ज्वैलरी शो 2026 : 1200 से ज्यादा बूथों पर बिखरेगी रत्नों की चमक, सीएम भजनलाल करेंगे आगाज
गुलाबी नगरी में 22 से 25 दिसंबर तक होने वाले जयपुर ज्वैलरी शो (जेजेएस) के 22वें संस्करण की तैयारियां जोरों पर हैं। सीतापुरा स्थित नोवोटेल कन्वेंशन सेंटर में इस बार 'कलर्ड जेमस्टोन्स' की थीम पर भव्य आयोजन होगा। 650 से अधिक प्रदर्शकों की मौजूदगी वाले इस महाकुंभ में देश-विदेश से 50 हजार से ज्यादा विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद है।
- जयपुर ज्वैलरी शो 2026 का 22वां संस्करण 22 से 25 दिसंबर तक सीतापुरा कन्वेंशन सेंटर में होगा आयोजित।
- ‘कलर्ड जेमस्टोन्स’ थीम पर आधारित इस शो में अब तक के सर्वाधिक 1200 से अधिक बूथों पर दिखेगा रत्नों का जादू।
- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे भव्य उद्घाटन, 50 हजार से ज्यादा आगंतुकों के आने की उम्मीद।
Jaipur Jewellery Show 2026 to Feature Over 1,200 Booths : रत्नों और आभूषणों की विश्व प्रसिद्ध नगरी जयपुर एक बार फिर देश के सबसे बड़े ज्वैलरी महाकुंभ की मेजबानी के लिए तैयार है। आगामी 22 से 25 दिसंबर तक सीतापुरा स्थित नोवोटेल जयपुर कन्वेंशन सेंटर में ‘जयपुर ज्वैलरी शो’ (जेजेएस) के 22वें संस्करण का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस बार शो की खास थीम ‘कलर्ड जेमस्टोन्स’ (रंगीन रत्न) रखी गई है। आयोजन की रूपरेखा तय करने और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में एक विशेष एग्जीबिटर्स मीट का आयोजन किया गया, जिसमें 350 से ज्यादा प्रदर्शकों ने हिस्सा लिया।
जेजेएस के चेयरमैन राजीव जैन ने प्रेजेंटेशन के जरिए इस बार के भव्य लेआउट और खास इंतजामों की तस्वीर साफ की। उन्होंने बताया कि इस प्रतिष्ठित शो का उद्घाटन मुख्य अतिथि के तौर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे। जैन के मुताबिक, महज 67 बूथों से शुरू हुआ यह सफर आज 1200 से अधिक बूथों के ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंच चुका है, जो अब तक का सबसे बड़ा विस्तार है। शो में 650 से ज्यादा प्रदर्शक अपने नायाब कलेक्शन पेश करेंगे, जबकि बी2बी कारोबार को रफ्तार देने के लिए ‘पिंक क्लब’ में 74 विशेष बूथ बनाए जाएंगे। आलम यह है कि भारी मांग के चलते 350 से अधिक प्रदर्शक अभी वेटिंग लिस्ट में हैं।
यह भी पढ़ें ; तीन साल बाद भी हाईटेक सिटी का इंतजार, गहलोत ने सरकार को घेरा
व्यापारिक लिहाज से भी इस बार कई खास प्रबंध किए गए हैं। आम लोगों के लिए शो खुलने से ठीक एक दिन पहले, यानी 21 दिसंबर को बिजनेस विजिटर्स के लिए विशेष ‘प्रीव्यू डे’ रखा गया है। इसके अलावा 1000 होस्टेड बायर्स नाइट भी आरक्षित की गई है। युवा और रचनात्मक डिजाइनों को मंच देने के लिए जयपुर ज्वैलरी डिजाइन फेस्टिवल (जेजेडीएफ) के तहत 67 बूथ लगेंगे। देशभर के ज्वैलर्स को इस आयोजन से जोड़ने के लिए विभिन्न शहरों में प्रमोशनल टूर भी किए गए हैं।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे जेजेएस के प्रवक्ता और संयुक्त सचिव अजय काला ने बताया कि देश के प्रमुख बी2बी और बी2सी आभूषण आयोजनों में शुमार जेजेएस को लेकर ज्वैलर्स और ग्राहकों में जबरदस्त उत्साह है। इस साल 50 हजार से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि संस्थापक चेयरमैन के विजन को आगे बढ़ाते हुए पूरी टीम काम कर रही है और पुराने प्रदर्शकों का लगातार जुड़ना जेजेएस ब्रांड की विश्वसनीयता और व्यापारिक सफलता का सबसे बड़ा प्रमाण है।
यह भी पढ़ें ; कुम्भलगढ़ उत्सव में पहली बार दिखेगा बीकानेरी रौबीलों का शाही जलवा
वहीं, जेजेएस के मानद सचिव कमल कोठारी ने शो की कामयाबी का श्रेय प्रदर्शकों, विजिटर्स, वेंडर्स और आयोजन समिति की साझा मेहनत को दिया। इस खास मौके पर जेजेएस के सफर में पिछले 20 सालों से लगातार साथ निभा रहे 17 वरिष्ठ प्रदर्शकों को मंच पर सम्मानित भी किया गया। मीट के दौरान जेजेएस के संरक्षक विमल चंद सुराणा सहित बड़ी संख्या में ज्वैलरी कारोबारी मौजूद रहे, जिनके सवालों के चेयरमैन राजीव जैन ने विस्तार से जवाब दिए।



