पेयजल आपूर्ति पर सीएम भजनलाल का ‘एक्शन मोड’ : लापरवाही की तो खैर नहीं, जल भवन में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं का समाधान तय समय में होना चाहिए। लंबित परियोजनाओं को गति देने, जल जीवन मिशन के कार्य पूरे करने और स्थायी जल स्रोतों के संरक्षण पर भी जोर दिया।

  • पेयजल आपूर्ति में लापरवाही या देरी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, सीएम भजनलाल शर्मा ने ली पीएचईडी की उच्च स्तरीय बैठक।
  • अधिकारियों को दफ्तरों से निकलकर फील्ड में जाने और आमजन की पानी से जुड़ी शिकायतों का त्वरित समाधान करने की हिदायत।
  • आधुनिक तकनीक व नवाचार को बढ़ावा देने के लिए जल भवन में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, पानी की जांच को बढ़ेंगी मोबाइल टेस्टिंग वैन।

CM Bhajanlal in ‘action mode’ regarding drinking water supply : प्रदेश में पेयजल व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और आमजन को निर्बाध पानी उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं। शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की उच्च स्तरीय बैठक लेते हुए उन्होंने अफसरों की जमकर क्लास ली और दो-टूक कहा कि पानी आम आदमी की बुनियादी जरूरत है, इसलिए इसकी सप्लाई में किसी भी स्तर पर कोताही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने साफ किया कि फील्ड स्तर पर अधिकारियों की सक्रियता और जवाबदेही तय होनी चाहिए। समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने विभागीय कार्यप्रणाली को आधुनिक बनाने के लिए कई अहम फैसले लिए। उन्होंने निर्देश दिए कि जयपुर स्थित ‘जल भवन’ में एक अत्याधुनिक ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ विकसित किया जाए, जिससे विभागीय कामकाज में नई तकनीक, नवाचार और रिसर्च को बढ़ावा मिल सके।

पेयजल आपूर्ति पर सीएम भजनलाल का 'एक्शन मोड' : लापरवाही की तो खैर नहीं, जल भवन में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
Image Source : Via Dipr

इसके साथ ही लोगों को शुद्ध पेयजल मिले, इसके लिए पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच हेतु पर्याप्त संख्या में मोबाइल टेस्टिंग वैन उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि मौके पर ही पानी के सैंपल जांचे जा सकें। अफसरों को जमीनी हकीकत से रूबरू होने की नसीहत देते हुए सीएम शर्मा ने कहा कि अधिकारी सिर्फ बंद कमरों में बैठकर मॉनिटरिंग न करें, बल्कि जनता के बीच फील्ड में जाएं और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध निपटारा कर आमजन का भरोसा जीतें।

यह भी पढ़ें ; जयपुर ज्वैलरी शो 2026 : 1200 से ज्यादा बूथों पर बिखरेगी रत्नों की चमक, सीएम भजनलाल करेंगे आगाज

उन्होंने मुख्य सचिव स्तर पर लंबित परियोजनाओं की नियमित निगरानी करने और बजट घोषणाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि ‘जल जीवन मिशन’ के कामों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि हर घर तक नल से जल पहुंचाने के लक्ष्य के साथ-साथ जिन घरों में कनेक्शन हो चुके हैं, वहां नियमित और सुचारू सप्लाई बनी रहे। भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने स्थायी जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

यह भी पढ़ें; कुम्भलगढ़ उत्सव में पहली बार दिखेगा बीकानेरी रौबीलों का शाही जलवा

उन्होंने निर्देश दिए कि जल संसाधन विभाग के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर पानी का विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, अदालतों में अटके विभागीय मामलों के जल्द निपटारे के लिए मजबूत पैरवी करने की भी हिदायत दी। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, सीएमओ के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, पीएचईडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत गेरा और वित्त विभाग के प्रमुख शासन सचिव वैभव गालरिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button