गहलोत के आरोपों पर मदन राठौड़ का पलटवार, गिनाए विकास के आंकड़े
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर जवाब देते हुए कांग्रेस के पांच साल और भाजपा के 34 महीने के कार्यकाल की तुलना की। उन्होंने सिंचाई, शिक्षा, सड़क, बिजली और स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों के आंकड़े पेश कर भाजपा सरकार के कामकाज को बेहतर बताया। साथ ही कांग्रेस को अपने शासनकाल का आकलन करने की नसीहत दी।
- मदन राठौड़ का गहलोत पर पलटवार, बोले- आरोप लगाने से पहले अपने कार्यकाल का आकलन करें।
- भाजपा के 34 महीने बनाम कांग्रेस के 5 साल, विकास कार्यों के आंकड़े किए सार्वजनिक।
- जनादेश का सम्मान भाजपा की परंपरा बताते हुए कांग्रेस पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी का आरोप लगाया।
Madan Rathore hits back at Gehlot’s allegations : राजस्थान की सियासत में विकास कार्यों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पलटवार करते हुए उन्हें अपने पांच साल के कार्यकाल का आकलन करने की सलाह दी है। राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार ने महज 34 महीनों में कई क्षेत्रों में कांग्रेस के पांच साल के कामकाज से बेहतर प्रदर्शन किया है। इसके बावजूद गहलोत बिना तथ्यों के सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विकास की वास्तविक तस्वीर आरोपों से नहीं, बल्कि सरकारी कामकाज के आंकड़ों से सामने आती है। उन्होंने दावा किया कि सिंचाई, शिक्षा, सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में भाजपा सरकार ने कम समय में उल्लेखनीय काम किए हैं। राठौड़ के अनुसार, यदि कांग्रेस और भाजपा के शासनकाल के आंकड़ों की तुलना की जाए तो दोनों सरकारों के कामकाज का अंतर स्पष्ट हो जाएगा।
गहलोत को दी आत्ममंथन की सलाह
मदन राठौड़ ने कहा कि अशोक गहलोत तीन बार राजस्थान के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। ऐसे में उनसे उम्मीद की जाती है कि वे राजनीतिक बयान देने से पहले तथ्यों की जांच करें। उन्होंने कहा कि गहलोत को भाजपा सरकार पर आरोप लगाने के बजाय अपने कार्यकाल की उपलब्धियों और कमियों पर भी नजर डालनी चाहिए।
यह भी पढ़ें ; पेयजल आपूर्ति पर सीएम भजनलाल का ‘एक्शन मोड’ : लापरवाही की तो खैर नहीं, जल भवन में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस
राठौड़ ने कांग्रेस के अंदरूनी विवादों का जिक्र करते हुए कहा कि गहलोत ने अपने ही उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के लिए निकम्मा और नकारा जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके विपरीत भाजपा को उन्होंने एकजुट और संगठित पार्टी बताया। उनका कहना था कि राजनीति में खेल भावना होनी चाहिए और हार-जीत को सहजता से स्वीकार करना चाहिए।
पंचायत चुनाव के नतीजों को बताया जनादेश
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंचायत चुनाव के परिणामों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के फैसले को लोकतांत्रिक जनादेश मानकर स्वीकार करती है। चुनाव में जहां पार्टी कमजोर रही, वहां कमियों की जिम्मेदारी भी ली गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष होने के नाते उन्होंने स्वयं चुनाव परिणामों की जिम्मेदारी स्वीकार की है।
राठौड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता चुनाव में हार के बाद ईवीएम पर सवाल उठाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस मुद्दे पर देश की जनता से सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व में कई बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया गया। आपातकाल के दौरान प्रेस सेंसरशिप लागू कर मीडिया की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया गया था। राठौड़ ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं और मीडिया की आजादी को प्रभावित करने का इतिहास कांग्रेस का रहा है।
सिंचाई और ग्रामीण विकास में अधिक काम का दावा
मदन राठौड़ ने भाजपा सरकार के 34 महीनों और कांग्रेस के पांच साल के कार्यकाल के बीच विभिन्न विभागों के आंकड़े पेश किए। उन्होंने दावा किया कि सिंचाई तंत्र के विकास में भाजपा सरकार ने कांग्रेस की तुलना में करीब पौने तीन गुना काम किया है। वहीं, तारबंदी के काम में साढ़े चार गुना और मिनी स्प्रिंकलर की स्थापना में लगभग पौने दो गुना प्रगति हुई है।
पशुपालन क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सालयों के क्रमोन्नयन में भाजपा सरकार ने कांग्रेस के मुकाबले सवा चार गुना अधिक काम किया है। राजीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण उपलब्ध कराने में भी करीब पौने दो गुना अधिक काम होने का दावा किया।
शिक्षा के क्षेत्र में ये आंकड़े किए पेश
राठौड़ ने शिक्षा क्षेत्र में भी भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उनके अनुसार, भाजपा सरकार के 34 महीनों में 229 महाविद्यालय भवनों का निर्माण कराया गया, जबकि कांग्रेस के पांच साल के शासन में 57 भवन बने थे।
छात्राओं को शिक्षा योजनाओं का लाभ देने के मामले में भाजपा सरकार ने 53,637 छात्राओं को लाभान्वित किया, जबकि कांग्रेस सरकार के दौरान यह संख्या 16,536 थी। इसी तरह भाजपा सरकार ने 21 पॉलिटेक्निक महाविद्यालय स्थापित किए, जबकि कांग्रेस के समय पांच महाविद्यालय बने थे।
संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में भी 17 संस्कृत महाविद्यालयों को आचार्य स्तर पर क्रमोन्नत करने का दावा किया गया। राठौड़ के मुताबिक, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ऐसे केवल तीन महाविद्यालयों का क्रमोन्नयन हुआ था।
सड़क और आवास योजनाओं में भी गिनाईं उपलब्धियां
आवास और सड़क निर्माण को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत भाजपा सरकार ने 34 महीनों में 1.25 लाख नई स्वीकृतियां जारी कीं। वहीं, कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में 77,950 स्वीकृतियां दी गई थीं।
सड़क निर्माण के आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 18,917 किलोमीटर नई सड़कें बनवाईं, जिन पर 9,704 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके मुकाबले कांग्रेस सरकार के पांच साल में 13,160 किलोमीटर सड़कें बनीं और 6,910 करोड़ रुपये खर्च हुए।
ग्रामीण सड़क संपर्क योजना के तहत भाजपा सरकार ने 1,760 नए गांवों को सड़क नेटवर्क से जोड़ा, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल में 1,104 गांवों तक सड़क पहुंची थी। मिसिंग लिंक सड़कों के निर्माण में भी भाजपा सरकार ने 10,030 किलोमीटर काम होने का दावा किया, जबकि कांग्रेस के समय यह आंकड़ा 6,614 किलोमीटर रहा।
बिजली और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी सरकार के काम गिनाए
ऊर्जा क्षेत्र को लेकर राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार के 34 महीनों में बिजली उत्पादन क्षमता में 10,920 मेगावॉट की बढ़ोतरी हुई, जबकि कांग्रेस के पांच वर्षों में यह वृद्धि 3,952 मेगावॉट थी। सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता के मामले में भाजपा सरकार के कार्यकाल का आंकड़ा 28,303 मेगावॉट बताया गया, जबकि कांग्रेस सरकार के समय यह 15,000 मेगावॉट था।
बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए भाजपा सरकार ने दो नए 400 केवी, नौ 220 केवी और 51 नए 132 केवी सबस्टेशन स्थापित किए। वहीं, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में क्रमशः एक, पांच और 38 सबस्टेशन स्थापित किए गए थे।
स्वास्थ्य क्षेत्र में राठौड़ ने बताया कि भाजपा सरकार ने 1,573 उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवन बनवाए, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में 515 भवन बने थे। इसके अलावा भाजपा सरकार के कार्यकाल में 10 जिला स्तरीय आयुष चिकित्सालय स्थापित किए गए, जबकि कांग्रेस शासन में एक भी जिला स्तरीय आयुष चिकित्सालय नहीं बना।
यह भी पढ़ें ; जयपुर ज्वैलरी शो 2026 : 1200 से ज्यादा बूथों पर बिखरेगी रत्नों की चमक, सीएम भजनलाल करेंगे आगाज
प्रशासनिक क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 2,281 नए राजस्व गांव बनाए, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में 1,517 राजस्व गांवों का सृजन हुआ था।
आगामी चुनावों में जीत का जताया भरोसा
मदन राठौड़ ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच अपने काम के आधार पर जाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से सीख लेकर संगठन को मजबूत करना और कमियों को दूर करना भाजपा की प्राथमिकता है। पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करते हुए जनसेवा के काम में जुटी रहेगी।



