अमेरिका के विदेश मंत्री पोप्पियो भारत पहुंचे, दोनों देशों के बीच कल होगी बैठक

नई दिल्ली। अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो भारत के साथ होने वाली 2+2 मंत्रिस्तरीय बातचीत के लिए सोमवार को दिल्ली पहुंचे। उनके साथ पत्नी सुसेन भी आई हैं। दोनों देशों के बीच मंगलवार को बैठक होगी। इसमें रक्षा सहयोग से जुड़े अहम समझौतों पर दस्तखत हो सकते हैं। बैठक में चीन का मुद्दा छाया रह सकता है।

भारत रवाना होने से पहले माइक पोम्पियो ने ट्वीट कर बताया था कि वे भारत, श्रीलंका, मालदीव और इंडोनेशिया की यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने इसका मकसद सहयोगियों के साथ मुक्त और मजबूत इंडो पेसिफिक एरिया बनाने के लिए साझा लक्ष्य तैयार करना बताया। उन्होंने यह मौका देने के लिए आभार भी जताया।

भारत की ओर से इस बातचीत में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस जयशंकर शामिल होंगे। इस बातचीत में भारत समेत पूरे हिंद प्रशांत क्षेत्र और विश्व में स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए वैश्विक रणनीतिक साझेदारी बनाने पर चर्चा होगी। यह इस तरह की तीसरी बैठक है। इससे पहले 2018 में दिल्ली और 2019 में वॉशिंगटन में दोनों देशों में बातचीत हुई थी।

चीन के साथ तनाव के बीच अहम बैठक

भारत और चीन के बीच चल रहे तनाव को देखते हुए यह बैठक काफी अहम है। माना जा रहा है कि बैठक में चीन और पाकिस्तान पर ही ज्यादा फोकस किया जा सकता है। चीन से मिल रही चुनौती की वजह से अमेरिका भी उस पर ज्यादा आक्रामक है।

हाल ही में अमेरिका ने भारत से अपील की थी कि वह चीनी कंपनियों को 5 प्रतिशत ट्रायल से बाहर रखे। ट्रम्प एडमिनिस्ट्रेशन ने भारत में होने वाले 5 प्रतिशत ट्रायल से चीन की हुवावे और जेडटीई को हटाने की बात कही है।