कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष को कोर्ट ने 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा

ड्रग्स केस में गिरफ्तार कॉमेडियन भारती सिंह और उनके पति हर्ष लिंबाचिया को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज (NDPS) कोर्ट ने 4 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। भारती को कल्याण जेल में और हर्ष को तलोजा जेल में रखा जाएगा। दोनों की जमानत अर्जी पर सोमवार को सुनवाई होगी। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने दोनों को कोर्ट में पेश किया था।

NCB ने भारती की ज्यूडिशियल कस्टडी और हर्ष की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने दोनों को ज्यूडिशियल कस्टडी में भेज दिया। इस मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार 2 ड्रग पैडलर्स को कोर्ट ने 25 नवंबर तक NCB की रिमांड पर दे दिया।

हर्ष के खिलाफ ड्रग्स फाइनेंस-ट्रांसपोर्टेशन की धाराएं

NCB ने 18 घंटे पूछताछ के बाद रविवार सुबह हर्ष को गिरफ्तार किया था। उन पर नारकोटिक्स एक्ट-1986 की धारा 27A लगाई गई है। यानी ड्रग्स के फाइनेंस और ट्रांस्पोर्टेशन की धाराएं लगाई गई हैं। इससे पहले भारती को शनिवार को साढ़े तीन घंटे पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। भारती की रात NCB की वुमन सेल में गुजरी। शनिवार को NCB की रेड में भारती के घर और ऑफिस से 86.5 ग्राम गांजा मिला था। उन्होंने पति हर्ष के साथ गांजा लेने की बात कबूली थी।

सूत्रों के मुताबिक NCB ने भारती और हर्ष को एक ड्रग पैडलर के सामने बैठाकर भी सवाल किए, जिसके बाद दोनों ने गांजा लेने की बात कबूली। ड्रग पैडलर ने शुक्रवार को पूछताछ में भारती और हर्ष का नाम लिया था। इसके बाद शनिवार को इनके अंधेरी, लोखंडवाला और वर्सोवा के घरों और ऑफिस में रेड की गई थी। भारती के घर के स्टाफ से भी पूछताछ की गई थी।

6 महीने की जेल हो सकती है

NCB के एक अधिकारी ने बताया कि भारती सिंह के घर से बरामद गांजे की मात्रा कानून के तहत कम है। एक किलो तक गांजे को लो क्वांटिटी माना जाता है। ऐसे मामलों में 6 महीने तक की जेल या 10,000 रुपए का जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।

कौन हैं भारती सिंह?

भारती सिंह स्टैंडअप कॉमेडियन और एक्ट्रेस हैं। वे द कपिल शर्मा शो में नजर आती हैं। भारती ने 2017 में राइटर हर्ष लिंबाचिया से शादी की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडियन लाफ्टर चैलेंज से की थी। इसके बाद उन्होंने कई कॉमेडी शो में काम किया किया, जिनमें कॉमेडी सर्कस, कॉमेडी सर्कस महासंग्राम, कॉमेडी सर्कस का जादू, कहानी कॉमेडी सर्कस की और कॉमेडी नाइट्स बचाओ जैसे शो शामिल हैं।

यह भी पढ़ें-कॉमेडियन भारती सिंह की गिरफ्तारी के बाद द कपिल शर्मा शो से बदली गई स्क्रिप्ट