इलेक्टोरल कॉलेज वोट्स में बाइडेन जीत जाते हैं तो मैं व्हाइट हाउस छोड़ दूंगा : ट्रम्प

वॉशिंगटन। डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि अगर इलेक्टोरल वोट्स में भी यह तय हो जाता है कि वे जो बाइडेन से राष्ट्रपति चुनाव हार चुके हैं तो वे (ट्रम्प) व्हाइट हाउस छोड़ देंगे। ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा- ये बिल्कुल तय है। अगर इलेक्टोरल कॉलेज वोट्स में बाइडेन जीत जाते हैं तो मैं व्हाइट हाउस जरूर छोड़ दूंगा।

लेकिन, अब से 20 जनवरी तक काफी चीजें होने वाली हैं। राष्ट्रपति चुनाव 3 नवंबर को हुए थे। अब तक बाइडेन को 306 जबकि ट्रम्प को 232 वोट मिले हैं। इतना बड़ा अंतर होने के बावजूद अब तक ट्रम्प ने साफ तौर पर हार कबूल नहीं की है। उन्होंने बाइडेन को जीत की बधाई भी नहीं दी है।

एक सवाल के जवाब में ट्रम्प ने कहा- आप जानते हैं कि अगर मैं इलेक्टोरल कॉलेज में बाइडेन से हार गया तो व्हाइट हाउस छोड़ दूंगा। लेकिन, 20 जनवरी तक काफी चीजें हो सकती हैं। चुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली हुई। हमारी स्थिती तीसरी दुनिया के किसी देश जैसी हो गई हैं। हम कम्प्युटर इक्युपमेंट्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिन्हें हैक किया जा सकता है।

तीन नवंबर के बाद गुरुवार को पहली बार ट्रम्प ने पहली बार मीडिया के सवालों के जवाब दिए। कहा- अगर इलेक्टोरल कॉलेज वोट्स में बाइडेन जीते तो यह गलती होगी। ऊपरी स्तर पर धांधली और धोखा हुआ। मैंने ओबामा को उन राज्यों में हराया था जहां अब बाइडेन जीत रहे हैं।