
उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के कारण हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बीते हफ्ते दो बार बर्फबारी हुई। बादल छंटने के बाद यहां पारा तीन से चार डिग्री नीचे आ गया है। ऊंचाई वाले इलाकों से आ रही सर्द हवाओं ने मैदानी राज्यों पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तरप्रदेश में ठंड बढ़ा दी है।
दिसंबर के पहले दो हफ्तों में पंजाब और हरियाणा में अधिकतम तापमान 20 डिग्री के आसपास रहता है, लेकिन इस बार यह 15 से 16 डिग्री के बीच है। कहीं-कहीं यह सामान्य से 7-8 डिग्री सेल्सियस तक कम है।
प्रदेश में तापमान 10 डिग्री से नीचे

राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में रात का पारा चार डिग्री गिरकर इस सीजन में पहली बार माइनस में पहुंच गया। यहां रात का पारा माइनस 0.4 डिग्री दर्ज किया गया। पिछले साल यहां 13 दिन बाद यानी 27 दिसंबर को पारा माइनस में पहुंचा था। पिलानी में पारा 6.4, चूरू में 7.7, गंगानगर में 8.9 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के 10 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।
हरियाणा : हरियाणा में कई इलाकों में सुबह से धुंध छाई रही। कुरुक्षेत्र, पानीपत, करनाल, अम्बाला में दिन का तापमान हिमाचल के शिमला से भी कम रहा। शिमला में अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री रहा, लेकिन कुरुक्षेत्र में यह 14, पानीपत में 14.2, करनाल में 14.6 और अम्बाला में 14.7 डिग्री पर आ गया।
छत्तीसगढ़ : महाराष्ट्र में बने चक्रवात का असर छत्तीसगढ़ तक नजर आ रहा है। राजधानी रायपुर में हल्की फुहारें पड़ीं। हालांकि, इसने गर्मी से राहत नहीं दी। यहां सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री ज्यादा रहा। रात का तापमान 19 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री ज्यादा था।