
दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप जारी है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से मैदानी इलाकों में शीतलहर और कोहरे ने कहर मचा कर रखा है। सोमवार सुबह दिल्ली के सफदरजंग इलाके में सात डिग्री तापमान दर्ज किया गया, वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया। रविवार की तरह आज भी भले ही धूप खिली हुई है लेकिन तेज चल रही ठंडी हवाओं से लोग ठिठुर रहे हैं।
आईएमडी दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 14 जनवरी को पारा एक बार फिर पांच डिग्री तक गिर सकता है। उन्होंने ये भी बताया कि आने वाले दिनों में घना कोहरा भी छा सकता है। वहीं अनुमान है कि आज के बाद से शीतलहर का प्रकोप कम होगा और ठंडी हवाएं आज के बाद से नहींं चलेंगी।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में कोहरा छाए रहने के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। एक व्यक्ति ने बताया, ‘हवा काफी तेज चल रही है और ठंड भी काफी ज्दाया है। सुबह 6 बजे ड्यूटी पर जाने वाले लोग 10 बजे पहुंच रहे हैं। हम लोग आग जलाकर ताप रहे हैं।’
मौसम विभाग के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के अनुसार, कुछ दिन दिल्ली का न्यूनतम तापमान सात से आठ डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, दिन के तापमान में कमी दर्ज होगी। इससे रात के साथ-साथ दिन भी सर्द होंगे। ठंडी हवा भी ठिठुरन को बरकरार रखेगी।