राजद नेता शिवानंद तिवारी ने कहा-सचिन को भारत रत्न देने का फैसला सहीं नहीं था

कृषि आंदोलन के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन को लेकर सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट किया है। इसके बाद बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने उनपर हमला बोला है।

लालू प्रसाद यादव की पार्टी के बड़े नेता शिवानंद तिवारी ने सचिन की आलोचना करते हुए यहां तक कह दिया है कि उन्हें भारत रत्न देने का फैसला सही नहीं था। ऐसे लोगों को भारत रत्न देने से इस सम्मान का अपमान हो रहा है।

राजद द्वारा भारत रत्न जैसे सर्वोच्च सम्मान पर अंगुली उठाए जाने से विवाद पैदा हो गया है। कई लोगों ने इसे देश का अपमान बताया है। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तिवारी ने कहा कि सचिन को भारत रत्न देने का फैसला सही नहीं था।

उन्होंने कहा कि इतना बड़ा सम्मान पाने वाले लोग अलग-अलग ब्रांड के लिए प्रचार करते हैं। इससे भारत रत्न का ही अपमान हो रहा है। बता दें कि तिवारी ने सचिन को सम्मान के लिए चुने जाने के समय भी सवाल उठाए थे।

उन्होंने सचिन के हालिया ट्वीट को लेकर नाराजगी दिखाई। वहीं लालू की पार्टी के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने शिवानंद के बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि सचिन को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए सम्मान दिया गया था।

यह जरूरी नहीं है कि उन्हें हर क्षेत्र में उतनी ही समझ हो। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने इसे लेकर राजद पर निशाना साधा है। जदयू नेता संजय सिंह ने कहा कि तिवारी का यह बयान उनकी और उनकी पार्टी की मानसिकता दिखाता है।

यह भी पढ़ें-पर्यावरण कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग 2021 के नोबेल पुरस्कार के लिए हुई नॉमिनेट