देश में कोरोना का विस्फोट : पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 3.15 लाख नए केस सामने आए

Advertisement

बेहद दुख और चिंता वाली खबर है। नए मरीजों के मामले में भारत अमेरिका से भी आगे निकल गया है। देश में पहली बार एक दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 15 हजार 552 लोग संक्रमित पाए गए। अब तक किसी एक देश में एक दिन के अंदर मिले मरीजों का यह आंकड़ा सबसे अधिक है। इसके पहले अमेरिका में सबसे ज्यादा 8 जनवरी को 3 लाख 7 हजार लोग पॉजिटिव पाए गए थे।

मौत के मामले में भी पिछले दो दिनों से डराने वाले आंकड़े सामने आ रहे हैं। बुधवार को रिकॉर्ड 2,101 लोगों ने दम तोड़ दिया। मौतों का यह आंकड़ा अब तक का सबसे ज्यादा है। इससे पहले मंगलवार को 2,021 मौतें दर्ज की गई थीं। पूरी दुनिया में भारत इकलौता देश है जहां एक दिन में इतनी मौतें हो रही हैं। बाकी सभी देशों में एक हजार से कम ही लोग जान गंवा रहे हैं।

बुधवार को देश में एक्टिव केस बढऩे का भी रिकॉर्ड आंकड़ा सामने आया। एक दिन में 1.33 लाख एक्टिव केस बड़े। इसके पहले सबसे ज्यादा 18 अप्रैल को 1.29 लाख और मंगलवार को 1.25 लाख एक्टिव केस बढ़े थे।

अब पूरे देश में 22.84 लाख मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इन्हें ही एक्टिव केस कहा जाता है। हालांकि, 1.79 लाख लोग ठीक भी हुए। ये भी एक दिन में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

यह भी पढ़ें-बंगाल चुनाव : आज छठे चरण के लिए वोटिंग जारी, 43 सीटों पर हो रहा मतदान