
उत्तर प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना में 25 जगहों पर बड़ी हिंसा की खबर है। इसमें दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 से ज्यादा लोग घायल हैं। डीजीपी मुख्यालय की ओर से इसकी जानकारी दी गई।
अब इन मामलों में 11 अलग-अलग एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब तक 35 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। डीजीपी एचसी अवस्थी ने मामले में अन्य आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।
कोरोना के चलते चुनाव आयोग ने विजय जुलूस पर रोक लगा रखी है। इसके बावजूद पंचायत चुनाव में जीत के बाद 5 जगहों पर विजय जुलूस निकालने का मामला सामने आया है।
इसमें भी पुलिस ने आरोपी प्रत्याशियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। डीजीपी मुख्यालय की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पंचायत चुनाव की मतगणना 2 मई से शुरू होकर बुधवार तक यानी 3 दिन में संपन्न हुई। ये हिंसक घटनाएं इसी दौरान हुई हैं।