साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हर्शल गिब्स का ट्विटर अकाउंट हुए हैक

साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हर्शल गिब्स भी हैकर्स का शिकार हो गए। सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाले गिब्स का शुक्रवार को कुछ असमाजिक तत्वों ने ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद उन्होंने एक सॉफ्टवेयर एक्सपर्ट रिचर्ड व्हिटफील्ड की मदद से अकाउंट रिकवर तो कर लिया। पर उनके अकाउंट पर लगने वाला ब्लू टिक और सारे पोस्ट डिलीट हो गए।

गिब्स ने बाद में खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मेरा अकाउंट हैक होने के बाद अब बैक अप हो गया है और मैं इसे चला भी रहा हूं। पर मैंने जितने भी पोस्ट किए थे, वे सभी डिलीट हो गए। वेरिफिकेशन के लिए लगने वाला ब्लू टिक भी गायब है। उम्मीद है जल्द ही इसे भी रिकवर कर लिया जाएगा। रिचर्ड मदद के लिए आपका शुक्रिया। चैंपियन हो आप।

गिब्स ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने 175 रनों की अविश्वसनीय पारी के लिए जाने जाते हैं। 2006 में जोहानिसबर्ग में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका के सामने 435 रन का विशाल टारगेट रखा था। रिकी पोंटिंग ने 164 रन की पारी खेली थी। इसके जवाब में गिब्स ने 111 बॉल पर 21 चौके और 7 छक्के की मदद से 175 रन बनाए थे। वहीं, ग्रीम स्मिथ ने 90 और मार्क बाउचर ने 50 रन की पारी खेल साउथ अफ्रीका को 1 गेंद रहते 1 विकेट से मैच जीता दिया था।

यह भी पढ़ें-वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच खेलने टीम इंडिया साउथैम्पटन पहुंची