नौसेना प्रमुख की चेतावनी, कहा-समुद्री आवागमन बाधित किया गया तो भारत कार्रवाई करेगा

जिन देशों की हरकतें हिंद और प्रशांत महासागर में स्वतंत्र, खुले और समावेशी आवागमन के खिलाफ हैं, उन्हें उनकी गलती का एहसास कराया जाना चाहिए। बताया जाना चाहिए कि वे गलत हैं और खुद में सुधार लाएं। जरूरत पडऩे पर भारत उन्हें रोकने के लिए कार्रवाई भी करेगा। चीन का नाम लिए बगैर नौसेना प्रमुख एडमिरल कर्मबीर सिंह ने यह बात कही है।

उन्होंने कहा, यदि कोई देश समुद्र में गलत कार्य करेगा तो उसे मौजूदा स्थिति बदलने से रोका जाएगा। वह गोवा मेरीटाइम कान्क्लेव के उद्घाटन सत्र में बोल रहे थे। विदित हो कि चीन दक्षिण चीन सागर के अधिकांश इलाके पर कब्जा कर वहां से होने वाला जहाजों का आवागमन बाधित करने की रूपरेखा तैयार कर रहा है। इसे लेकर पूरी दुनिया में चिंता है।

कान्क्लेव में रक्षा सचिव अजय कुमार ने कहा कि हिंद और प्रशांत महासागर क्षेत्र में हो रहा नौसेनाओं का विस्तार सामान्य घटनाक्रम नहीं है। इसकी पृष्ठभूमि में बड़े कारण छिपे हुए हैं। इससे जुड़े खतरों को नकारा नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा, इस समुद्री क्षेत्र में अभूतपूर्व ढंग से बढ़ रही सैन्य मौजूदगी, आतंकवाद, लुटेरों की गतिविधियों और हथियारों की तस्करी से चुनौतियों में बढ़ोतरी हुई है। मछली पकडऩे की अवैध गतिविधियों और नशीले पदार्थो की तस्करी ने इन चुनौतियों को और बढ़ाया है। इलाके में शांति और स्थिरता कायम रखने के लिए भारत की जिम्मेदारी बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें-तमिलनाडु में भारी बारिश से हालात बिगड़े हुए, सड़क से लेकर घरों में घूसा पानी, चक्रवात का खतरा