
7 अगस्त को मुंबई से अहमदाबाद जाएगी अकासा एयरलाइंस की पहली फ्लाइट
मुंबई। हवाई यात्रियों को आसान हवाई सफर उपलब्ध कराने के लिए अब शेयर बाजार के बिग बुल राकेश झुनझुनवाला के निवेश वाली अकासा एयरलाइंस जल्द लॉन्च होने वाली है। यह एयरलाइन 7 अगस्त को लॉन्च होगी। हालांक अकासा एयरलाइंस ने 22 जुलाई से टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। फिलहाल अकासा की फ्लाइट्स मुंबई-अहमदाबाद और बेंगलुरु-कोच्चि रूट पर ही उड़ान भरेंगी। खास बात यह है कि फ्लाइट का न्यूनतम किराया 3282 रुपए रखा गया है। लो कॉस्ट एयरलाइन अकासा स्पाइसजेट, इंडिगो, गो फर्स्ट जैसी कंपनीज को सीधी टक्कर देगी। अकासा सभी रूट पर अपने बोइंग 737 मैक्स विमान संचालित करेगी। एयरलाइन के फाउंडर और सीईओ विनय दुबे ने बताया कि टिकट की बिक्री शुरू होने से वे बेहद उत्साहित हैं गौरतलब है कि अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट बुधवार को छोड़कर हर दिन मुंबई और अहमदाबाद के बीच उड़ान भरेगी। मुंबई से इसके डिपार्चर का टाइम सुबह 10:05 बजे है। इसी तरह, अहमदाबाद से वापसी की उड़ान बुधवार को छोड़कर हर दिन दोपहर 12:05 बजे रहेगी। मुंबई से फ्लाइट का टिकट 4,314 रुपए से शुरू होता है, जबकि अहमदाबाद से फ्लाइट का टिकट 3,906 रुपए से शुरू होता है। मुंबई से अहमदाबाद की दूसरी फ्लाइट दोपहर 02:05 बजे उड़ान भरेगी। अहमदाबाद से वापसी की उड़ान शाम 4:05 बजे होगी। इस फ्लाइट के लिए मुंबई से टिकट 3,948 रुपए से शुरू होता है, जबकि अहमदाबाद से फ्लाइट का टिकट 5,008 रुपए से शुरू होता है।
बेंगलुरु-कोच्चि रूट का यह रहेगा किराया

एयरलाइन बेंगलुरु से कोच्चि के लिए सुबह 07:15 बजे और 11:00 बजे रोजाना ऑपरेट होगी। इसका टिकट 3,483 रुपए से शुरू हैं। कोच्चि से वापसी की उड़ानें सुबह 09:05 बजे और दोपहर 01:10 बजे ऑपरेट होगी। इसके टिकट की कीमत 3,282 रुपए से शुरू होती है।
ऐसे कर सकते हैं बुकिंग
फ्लाइट में बुकिंग के लिए मोबाइल ऐप, मोबाइल वेब और डेस्कटॉप वेबसाइट www.akasaair.com, ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से की जा सकती है। एयरलाइन की ऑन-बोर्ड मील सर्विस भी है जिसे कैफे अकासा से बुक किया जा सकता है। पास्ता, वियतनामी राइस रोल, हॉट चॉकलेट और इंडियन कुजीन जैसी चीजें कैफे अकासा ऑफर करता है।
अगले साल से शुरू होंगी इंटरनेशनल फ्लाइट्स
अकासा 2023 की गर्मियों तक इंटरनेशनल फ्लाइट भी शुरू कर देगा। तब तक इसमें 20 एयरक्राफ्ट शामिल होंगे, जो स्थानीय नियमों के अनुसार विदेशी मार्गों पर दी जाने वाली सर्विस के लिए जरूरी हैं। अकासा के सभी 737 मैक्स के पास मध्य पूर्व, दक्षिण पूर्व एशिया, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका के लिए उड़ान भरने का ऑप्शन होगा।
यह भी पढ़ें…रिलायंस को भारी मुनाफा, 17,955 करोड़ पर पहुंचा प्रॉफिट













