
अफगानिस्तान में बढ़ते तालिबान के कहर के बीच पड़ोसी देश सतर्क हो गए हैं। ताजिकिस्तान के बाद पाकिस्तान ने भी अफगानिस्तान की सीमाएं सील कर दी हैं। पाक सरकार को डर है कि तालिबान पाक में भी घुस सकता है। तालिबान द्वारा स्पिन बोल्डक बॉर्डर क्रॉसिंग पर नियंत्रण करने के बाद पाक और अफगानिस्तान ने पिछले हफ्ते ही सीमा पर कंटीले तार लगा दिए हैं।
अफगानिस्तान से लगी 2,640 किमी लंबी सीमा के करीब 90 प्रतिशत हिस्से पर पाक ने घेराबंदी की है। पाकिस्तानी अखबर द डॉन ने इस बात की पुष्टि की है। पाकिस्तान के मेजर जनरल बाबर इफ्तिखार ने बताया कि सैनिक सीमा पर निगरानी कर रहे हैं ताकि वहां का संघर्ष हमारी ओर न बढ़े।
इधर, रूस पड़ोसी देशों में अस्थिरता के संभावित फैलाव को लेकर चिंतित है। ताजिकिस्तान रूसी जमीनी बलों के 201वें सैन्य अड्डे पर 6 हजार से अधिक रूसी सैनिकों व इन्फैंट्री फाइटिंग व्हीकल की मेजबानी कर रहा है। ये अड्डे विदेशी धरती पर रूस के कुछ सैन्य स्थलों में से एक है।

अफगानिस्तान ने तालिबान पर बड़ी एयरस्ट्राइक की है। शुक्रवार को दो प्रांतों में अफगान वायु सेना के हवाई हमलों में 33 तालिबान आतंकवादी मारे गए और 17 अन्य घायल हो गए हैं। देश के रक्षा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की है।