
स्टाफ ने उठाकर बाहर फेंका
इंग्लैंड के लंदन में पशु अधिकार समूह एनिमल रेबेलियन के कार्यकर्ताओं ने एक मशहूर रेस्त्रां के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी रेस्त्रां के अंदर घुस गए और हंगामा करने की कोशिश की। इसके बाद रेस्त्रां के कर्मचारियों ने उन्हें खींचकर बाहर निकाला। पशु अधिकार समूह ने इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया में पोस्ट किया है, जिसमें रेस्त्रां के कर्मचारी एक प्रदर्शनकारी को उठाकर बाहर लाते दिखाई दे रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पशु अधिकार समूह के आठ कार्यकर्ताओं ने मध्य लंदन के नाइट्सब्रिज स्थित नुसर-एट रेस्त्रां में घुसकर हंगामा किया, लेकिन उनका दांव उल्टा पड़ गया। कर्मियों ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को घसीट कर रेस्त्रां से बाहर कर दिया। बता दें, नुसर-एट नुसरत गोकसे के स्वामित्व वाले लक्जऱी स्टीकहाउस की एक चेन है। नुसरत एक जाने-माने होटल व्यावसायी हैं और मूल रूप से तुर्किये के रहने वाले हैं। उन्हें साल्ट बेई के रूप में जाना जाता है।
पशु अधिकारों के लिए काम करता है एनिमल रेबेलियन
एनिमल रेबेलियन समूह पशु अधिकारों और जलवायु के लिए काम करता है। समूह ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शनकारियों को रेस्त्रां से बाहर खींचे जाने का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि लंदन में नुसर-एट रेस्त्रां में पशु अधिकार समर्थकों को सुरक्षा कर्मियों द्वारा घसीटा गया। रेस्त्रां अपने स्टीक (मांस का टुकड़ा) के लिए प्रसिद्ध है। इसके लिए पशुओं की हत्या की जाती है और यह पर्यावरण के लिए विनाशकारी है। समूह का कहना है कि यह स्थायी खाद्य नहीं है। पोस्ट में कहा गया है कि ये लक्जरी रेस्त्रां अपने मीट के लिए प्रसिद्ध है। इस तरह का भोजन पर्यावरण पर विपरीत प्रभाव डालता है। इसे लंबे समय तक जारी नहीं रखा जा सकता है।
साल्ट बेई ने साझा किया था 1.36 करोड़ रुपये का बिल
इससे पहले, साल्ट बेई ने सोशल मीडिया पर अबु धाबी के एक रेस्त्रां का बिल साझा किया था। बिल की राशि देखकर लोग भौचक्के रह गए थे। साल्ट बेई ने जिस बिल को साझा किया था उसकी राशि भारतीय रुपयों में करीब 1.36 करोड़ रुपये थी। साल्ट बेई वर्ष 2017 में सोशल मीडिया पर एक मीम के वायरल होने के बाद चर्चा में आए थे। अपने व्यंजनों में खास तरीके से नमक की सीजनिंग करने की विशेषज्ञता के चलते वह रातोंरात सोशल मीडिया पर मशहूर हो गए थे। साल 2021 में लंदन स्थित उनके रेस्त्रां के महंगे मेनू प्राइस के बारे में जानकर लोग चकित रह गए थे।
यह भी पढ़ें : लंबी उम्र के लिए वरदान है गुड़