किसान आंदोलन : एक और किसान ने खुदकुशी की, लिखा-मोदी सरकार तारीख पर तारीख दे रही

टीकरी बॉर्डर पर रविवार को एक किसान का शव पार्क में पेड़ से लटका मिला। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें किसान ने लिखा, भारतीय किसान यूनियन जिंदाबाद। मोदी सरकार बस तारीख पर तारीख दे रही है। कोई नहीं कह सकता कि काले कानून कब वापस होंगे। पुलिस ने बताया कि मृतक किसान का नाम कर्मवीर सिंह (52) है। वह हरियाणा के जींद का रहने वाला था।

यह घटना हरियाणा के ही चरखी दादरी में होने वाली महापंचायत से कुछ देर पहले सामने आई। चरखी दादरी की महापंचायत में राकेश टिकैत भी शामिल होंगे। टिकैत ने शनिवार को देशभर में हुए किसानों के चक्काजाम के बाद किसान क्रांति 2021 का ऐलान किया था।

टिकैत ने कहा था कि अब हमारा टारगेट 40 लाख ट्रैक्टरों की रैली का है। 26 जनवरी को हमने दिल्ली में 20 हजार ट्रैक्टरों की रैली निकाली थी। उन्होंने अपील की कि किसान अपने ट्रैक्टरों पर किसान क्रांति 2021 लिखें। इससे किसान जहां भी जाएंगे, उन्हें सम्मान दिया जाएगा।

यह भी पढ़ें-सोनितपुर के ढेकियाजुली में मोदी ने असम माला हाईवे प्रोजेक्ट की शुरुआत की