
जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष डा. सी.पी. जोशी ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. जोशी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि विश्व में भारतीय गणतंत्र ने अपनी विशेषताओं के कारण अलग पहचान कायम की है। हमारे संविधान में सभी नागरिकों को बिना किसी भेदभाव के समान अधिकार प्रदान किए हैं। देश के नागरिकों ने अपने संवैधानिक अधिकारों का उपयोग करते हुए हमारी लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था को सुदृढ आधार प्रदान किया है।
जरूरत इस बात की है कि हम लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण के लिए सदैव सचेत रहें और अपने कर्तव्यों और दायित्वों को समझकर देश और प्रदेश की उन्नति में सहभागिता निभाएं।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश की मान-मर्यादा और गौरव को बढाने में सभी को एक अच्छे नागरिक की भूमिका निभानी होगी तथा हर परिस्थिति में भारतीय गणतंत्र को अक्षुण्ण रखना होगा। सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी एवं सरकारी उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चौधरी ने भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
विधानसभा में ध्वजारोहण :
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजस्थान विधानसभा में मंगलवार को प्रात: 8.15 बजे ध्वजारोहण करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. जोशी प्रात: 7.30 बजे सिविल लाइंस स्थित अपने राजकीय निवास स्थान पर भी ध्वजारोहण करेंगे।
मतदाता दिवस पर शुभकामनाएं :
राजस्थान विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. सी. पी. जोशी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। डॉ. जोशी ने कहा है कि सभी लोगों को देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखना है। स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को बनाए रखने में भी प्रदेशवासियों को भागीदारी निभानी है।