बिग बी का आइसोलेशन में दूसरा दिन, अपने ब्लॉग को कर रहे हैं अपडेट

मुंबई। कोरोनावायरस से संक्रमित हुए अमिताभ बच्चन मुंबई के नानावटी हॉस्पिटल में भर्ती हैं। उनकी हालत स्थिर है और वे आइसोलेशन वार्ड में होने के बावजूद अपना डेली रुटीन जारी रख रहे हैं। वे अब भी हर दिन की तरह अपनी एक्सटेंडेड फैमिली यानी फैन्स, कलीग्स, पत्रकारों और दोस्तों को जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं और अपने ब्लॉग को अपडेट कर रहे हैं। उनके रविवार को हुए कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आज आएगी।

रविवार रात उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा, बर्थडे- मनोज कुमार ओझा, तरन घंटासला। सोमवार, 13 जुलाई। दोनों को जन्मदिन की शुभकामनाएं। हमेशा। आप हमेशा खुश रहें।

इसके साथ ही बिग बी ने उनके लिए दुआ कर रहे फैन्स का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने लिखा है, मेरे प्रिय चाहनेवालों, अभिषेक, ऐश्वर्या, आराध्या और मेरे लिए आपकी चिंता, प्रार्थना और तेजी से रिकवरी के लिए शुभकामनाओं ने मुझे कृतज्ञता से भर दिया है। आप सभी का धन्यवाद। रविवार रात ट्विटर के जरिए भी उन्होंने चाहनेवालों का शुक्रिया अदा किया था।

अमिताभ-अभिषेक अलग-अलग कमरों में भर्ती

नानावटी हॉस्पिटल की ओर से बताया गया कि अमिताभ और अभिषेक दोनों की हालत स्थिर है। दोनों आइसोलेशन वार्ड में अलग-अलग कमरों में हैं और दोनों के लक्षण हल्के हैं। डॉक्टर कोरोना के साथ अमिताभ की पुरानी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए ट्रीटमेंट स्ट्रेटजी बना रहे हैं।

शनिवार को पॉजिटिव आया था अमिताभ-अभिषेक का कोविड टेस्ट

शनिवार को शाम अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक का कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया था। दोनों खुद कार चलाकर नानावटी अस्पताल पहुंचे थे। अमिताभ ने खुद यह जानकारी ट्विटर पर दी थी।
अमिताभ ने लिखा था, मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। अस्पताल में भर्ती हो चुका हूं। मेरे परिवार और स्टाफ के लोगों का टेस्ट हुआ है। उनकी रिपोर्ट का इंतजार है। पिछले 10 दिनों में मेरे संपर्क में आने वाले सभी लोगों से गुजारिश है कि वे अपना टेस्ट कराएं।

इसी तरह अभिषेक ने भी पिता और अपने कोविड पॉजिटिव होने की खबर फैन्स को दी थी और पैनिक न होने की अपील भी की थी। उन्होंने लिखा था, आज हम दोनों, मेरे पिता और मैं कोविड 19 पॉजिटिव पाए गए हैं।
हम दोनों को हल्के लक्षण थे, जिसके बाद हम अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। हमने सभी जरूरी अथॉरिटीज को जानकारी दे दी है और हमारे परिवार व स्टॉफ के सदस्यों का टेस्ट कराया जा रहा है। मैं सभी से शांत रहने और पैनिक न फैलाने की गुजारिश करता हूं। धन्यवाद।