भारत बंद : जयपुर में आमने-सामने हुए बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ता, हुई पत्थरबाजी

मंगलवार को कृषि कानून के विरोध में किसान संगठनों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का राज्य में खासा असर रहा। सबसे ज्यादा प्रभाव ट्रांसपोर्ट पर पड़ा। राजस्थान में रोडवेज बस बंद रहीं। सुबह से ही बसें खड़ी हो गईं। इसके अलावा, ट्रकों का संचालन भी नहीं हुआ। ट्रक जहां-तहां सड़कों के किनारे खड़े हो गए। प्रदेश में मंडियां भी बंद के चलते बंद रखी गई। जयपुर में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। यहां दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं में मारपीट हो गई। पत्थरबाजी भी की गई। पुलिस ने बीचबचाव किया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का बंद का समर्थन आश्चर्यजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है। बंद में सरकार के इशारे पर अराजकता की हद पार हो गई। कांग्रेस पार्टी के गुंडों ने जयपुर में बीजेपी मुख्यालय पर पथराव किया। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में अराजकता का माहौल बना रही है। आज की घटना की जितनी निंदा की जाएं उतनी कम है।

कोटा में मंडी व्यापारी, किसानों के समर्थन में उतरे। व्यापारियों ने एशिया की बड़ी भामाशाह मंडी में काम बंद रखा। पेट्रोल पंप भी 10 से 12 तक यानी 2 घंटे बंद रहे। लेकिन शराब की दुकानें तय समय पर खुली। बंद का शराब की दुकानों पर असर नही दिखा। शहर के प्रमुख बाजारों में चाय की गुमटियां और थड़ियां बंद रहीं।

जयपुर समेत ज्यादातर शहरों में शहरी परिवहन यानी लो-फ्लोर, मैजिक, ई-रिक्शा, ऑटो सामान्य दिनों की तरह चलते नजर आए। हालांकि, जयपुर में एहतियातन मिनी बस संचालकों ने जरूर बसों को रोके रखा। एक अनुमान के मुताबिक, बंद के दौरान राजस्थान में 7 लाख वाहन बंद रहेंगे। जयपुर में केंद्रीय बस स्टैंड सिंधी कैंप से भी बसों का संचालन नहीं हुआ।