
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने सत्तारूढ़ पार्टी पर कसा तंज
जयपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा के तहसील कार्यालय और जिला कार्यालय से लेकर प्रदेश कार्यालय तक नित्य प्रतिदिन हजारों लोग भाजपा के परिवार को ज्वाइन कर रहे हैं। यह इस बात का द्योतक है कि भाजपा आ रही है और कांग्रेस का जहाज डूब रहा है।
बुधवार को भाजपा के मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने कहा कि इस डूबते जहाज को छोडक़र कांग्रेस के कई बड़े नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। सांगानेर से विष्णु लाटा जी हमारे अपने थे। वे फिर से उनकी घर वापस हुई है। सुनीता भाटी पश्चिमी राजस्थान में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता है। इससे भाजपा में उत्साह का वातावरण है। आज सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। यह तय है कि भाजपा आएगी, कांग्रेस जाएगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिलाओं पर दिए गए बयान पर माफी मांगने के सवाल पर केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अब अनर्गल बयान देने वालों के माफी मांगने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस की गारंटी यात्रा मेें मंदिर और देवरे ढोकने के सवाल पर शेखावत ने कहा कि जिन लोगों ने मंदिर तोड़े, शिवालय तोड़े। धर्म के नाम पर तुष्टिकरण किया, वे अब कमीज के ऊपर जनेऊ पहनकर अपने आप को धार्मिक बताने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता सब समझती है।
यह भी पढ़ें : गैस चेम्बर में बदली दिल्ली, नहीं सुधरे रहे हालात, खतरनाक हुआ हवा का स्तर