
जयपुर जिले की 10 नगर पालिकाओं में चेयरमैन के रिजल्ट आने शुरू हो गए हैं। शाहपुरा नगर पालिका में 10 साल बाद कांग्रेस के बंशीधर सैनी बोर्ड के चेयरमैन बनेंगे। यहां भाजपा जीत की हैट्रिक बनाने से चूक गई। वहीं, पांच साल बाद विराटनगर नगर पालिका में कांग्रेस की सुमिता सैनी चेयरमैन बनेंगी। इसके अलावा जोबनेर में भी कांग्रेस की मंजू देवी चेयरमैन बनीं हैं।
सभी 10 नगर पालिकाओं में आज सुबह 10 बजे से नवनिर्वाचित पार्षदों ने मतदान करना शुरू किया था। दोपहर 2 बजे तक मतदान होना था। लेकिन कुछ जगहों पर पहले ही मतदान हो गया। इसके बाद 1 बजे से ही परिणाम आने शुरू हो गए। इनमें सबसे पहले शाहपुरा और विराटनगर नगर पालिका में कांग्रेस ने बाजी मारीं। यहां समर्थकों ने आतिशबाजी की।

आपको बता दें कि जयपुर जिले में चौमूं, रेनवाल, जोबनेर, फुलेरा, बगरू, चाकसू व सांभर लेक नगर पालिकाओं में 220 निर्वाचित पार्षदों के द्वारा 17 अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होगा। वहीं शाहपुरा, कोटपूतली व विराटनगर नगरपालिका मंडल के लिए 100 पार्षद अपने बोर्ड का चेयरमैन चुनना था।
चौमूं, रेनवाल, जोबनेर, फुलेरा, बगरू, चाकसू व सांभर लेक सात नगर पालिकाओं में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा के 6 ,कांग्रेस के 7 और 4 निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं। फुलेरा में भाजपा ने अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं किया था और निर्दलीय को समर्थन देकर चुनाव मैदान में खड़ा रखा है। चौमूं, जोबनेर, फुलेरा, रेनवाल में कांग्रेस को पूर्ण बहुमत प्राप्त हुआ है। इसलिए यहां पर कांग्रेस का अध्यक्ष चुना जाना पूरी तरह तय माना जा रहा है, लेकिन सांभर लेक चाकसू और बगरू में किसी भी राजनीतिक दल को बहुमत नहीं मिलने से यहां का अध्यक्ष पद का चुनाव रोचक बना हुआ है।