मलसीसर में भाजपाई 11 को करेंगे बड़ी विरोध सभा

झुुंझुनंू। राजस्थान की कांग्रेस सरकार व उनके जनप्रतिनिधि सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर जनता की आवाज उठाने वालों को डरा धमका कर झूठे मुकदमे लगा रही है। यह आरोप भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष पवन मावंडिया ने शनिवार को पीरू सिंह सर्किल के पास स्थित एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में लगाया।

उन्होंने कहा कि मलसीसर क्षेत्र में प्रशासन गांव के संग अभियान के तहत पट्टा वितरण व अन्य कार्यों में धांधली की जा रही थी। जिसका विरोध करने पर विधायक रीटा चौधरी ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को दुरुपयोग करते हुए पूर्व प्रधान गिरधारी लाल खीचड़ व उनकी भाभी सरपंच को डराया तथा झूठे मुकदमे में फंसाने व पुलिस स्टेशन ले जाकर अपमानित किया।

इधर, सुलताना मंडल अध्यक्ष बलजीत शर्मा पर भी स्थानीय विधायक द्वारा दबाव बनाकर झूठा मुकदमा लगाकर पुलिस को पीछे कर दिया। उदयपुरवाटी क्षेत्र में भी आवाज उठाने वालों के साथ मारपीट करने जैसे घटना आम बनी हुई है। इसके अलावा चेजा पत्थर व बजरी खनन कार्यों में सरकारी टैक्स के साथ विधायक टैक्स भी वसूला जा रहा है।

सांसद नरेंद्र खीचड़ ने कहा कि इसके विरोध में 11 नवंबर को सुबह 11 बजे मलसीसर उपखंड कार्यालय के सामने उप प्रतिपक्ष नेता राजेंद्र राठौड़ के नेतृत्व में विरोध सभा व आंदोलन किया जाएगा। जिसमें जिलेभर के भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधि जिस तरह जनता की आवाज दबाने का प्रयास कर रहे है यह लोकतंत्र की हत्या है।

नायब तहसीलदार को चार पदों का चार्ज : पूनिया

राष्ट्रीय परिषद के प्रतिनिधि विश्वंभर पूनिया ने बताया कि झुंझुनूं में एक नायब तहसीलदार के पास चार चार पद हैं। राजस्थान सरकार के पास तहसीलदार, कानूनगो व उप पंजीयक नहीं है। एक ही व्यक्ति को चार चार पदों का चार्ज दे रखा है। जो लोकतंत्र में भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का काम है। इस दौरान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विकास शर्मा लोटिया, जिला उपाध्यक्ष सुशीला सिगड़ा, जिला प्रवक्ता कमल कांत शर्मा, पूर्व प्रधान गिरधारी लाल खीचड़, कृष्ण कुमार जानू, कुलदीप पूनिया मौजूद थे।

यह भी पढ़ें-मंदिरों में मनाया अन्नकूट, घरों में गोवर्धन की कथा सुनी