मुर्गी ने अंडे की जगह दिया चूजे का जन्म, विशेषज्ञ हैरान

धरती पर पहले मुर्गी आया या अंडा सदियों से ये सवाल बहस का विषय रहा है। ओडिशा की एक ऐसी खबर सामने आई जिसे जानकर हर कोई हैरान रह गया। ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में एक मुर्गी ने अंडे की जगह चूजे को जन्म दिया। कोमना प्रखंड की साराबोंग पंचायत के इच्छापुर गांव निवासी अंबिका माझी की मुर्गी ने चूजे को जन्म दिया।

दरअसल, इससे पहले मुर्गी ने नौ अंडे दिए थे। लेकिन थोड़ी देर बाद अचानक वह कुछ दूर जाकर बैठ गई। इसके बाद मुर्गी का मालिक उसके पास गया। उसने देखा कि मुर्गी बहुत देर से एक ही स्थान पर बैठी है। उनको लगा कि मुर्गी ने फिर से अंडा दिया होगा। लेकिन जब उन्होंने मुर्गी को उठाकर देखा तो वह हैरान रह गए।

उन्होंने देखा कि मुर्गी ने अंडे की जगह चूजे को जन्म दिया है। इसके बाद उन्होंने आसपास यह जाकर देखा कि कहीं कोई फूटा हुआ अंडा तो नहीं है। लेकिन उन्हें आसपास ऐसा कुछ नहीं दिखा। इस हैरान करने वाली घटना को देखकर उन्हें कुछ समझ नहीं आया। उन्होंने बताया कि चूजा दस मिनट तक जिंदा रहा, इसके बाद मर गया। हालांकि मुर्गी को कुछ नहीं हुआ।

इस घटना को लेकर नुआपाड़ा जिले के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि अपने जीवन में उन्होंने ऐसी कोई घटना कभी नहीं देखी। उन्होंने ऐसी घटना के बारे में सुना भी नहीं है। उन्होंने बताया कि संभवत: मुर्गी के प्रजनन तंत्र में एक अंडा विकसित हो गया होगा। अंडा शरीर से बाहर आने की जगह अंदर ही रह गया हो और चूजा वहीं विकसित हो गया हो।

यह भी पढ़ें-अजीबोगरीब रेस्टोरेंट : जहां सिर्फ इशारों से देना होता है खाने का ऑर्डर