
लखनऊ। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर हो रहे विरोध दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार को भी देश के कई हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन हुए। यूपी के रामपुर में शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। वहीं हिंसा में एक युवक की मौत हो गई। बता दें कि प्रदेश में चार दिन में हिंसा के दौरान 16 लोगों की मौत हो गई है। तृणमूल नेताओं का 4 सदस्यीय दल मृतकों के परिवार से मिलने रविवार को लखनऊ आएगा। उधर, बिहार में राजद ने बंद बुलाया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने गांधी सेतु यातायात रोक दिया, पटना-हाजीपुर में आगजनी की। वैशाली में एनएच 77 पर मवेशियों के साथ जाम लगाया। बिहार में राजद के बिहार बंद को महागठबंधन की अन्य पार्टियों ने भी समर्थन दिया है। बंद का असर राजधानी पटना समेत पूरे बिहार की सड़कों पर दिखा। राजद कार्यकर्ताओं ने पटना और हाजीपुर में आगजनी की। बसें नहीं चल रही हैं, जिसके चलते लोगों को परेशानी हो रही है। पटना में ऑटो और सिटी बसें भी बंद हैं। तेजस्वी यादव हजारों समर्थकों के साथ बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे हैं। वहीं औरंगाबाद में बंद की आड़ में उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके चलते करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। पत्थरबाजी में एक एएसआई घायल हो गए। पुलिस ने 6 उपद्रवियों को हिरासत में लिया है।