अहमद पटेल के निधन पर बोले सीएम गहलोत, कहा-यह मेरे लिए बहुत बड़ी क्षति

जयपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गुजरात से राज्यसभा सांसद अहमद पटेल (71) का बुधवार तड़के निधन हो गया। पटेल 1 अक्टूबर को कोरोना संक्रमित हुए थे। उन्हें 15 अक्टूबर को गुडग़ांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

निधन की खबर सुनते ही राजस्थान की राजनीति में भी शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए लिखा कि पटेल के असामयिक निधन के बारे में जान कर गहरा दु:ख और धक्का लगा। यह कांग्रेस और कार्यकर्ताओं के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पार्टी में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

सचिन पायलट ने लिखा कि अहमद पटेल जी के निधन की खबर सुन अत्यंत दुखी हो गया हूं। पटेल की जगह को कभी नहीं भरा जा सकता है। वह एक समर्पित कांग्रेसी, एक भावुक राष्ट्रवादी और मित्र और गुरु थे। मैं फैसल, मुमताज और परिवार के बाकी सदस्यों के साथ दु: ख में शामिल हूं।

गोविंद सिंह डोटासरा ने लिखा कि कांग्रेस पार्टी के मज़बूत स्तम्भ अहमद पटेल जी के देहांत का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उनकी क्षतिपूर्ति कभी नहीं हो सकेगी। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करने एवं उनके परिवारजनों को यह आघात सहने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

वसुंधरा राजे ने लिखा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल जी के निधन से दुखी हूं। सार्वजनिक जीवन में उन्होंने हमेशा समाजहित के लिए काम किया तथा राजनीतिक पटल पर अपनी पहचान बनाई। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति व परिजनों को धैर्य प्रदान करने की कामना करती हूं।