कांग्रेस को तिरंगे में दिख रही राजनीति…

तिरंगा रैली

भाजपा की तिरंगा रैली में शामिल नहीं हुआ कोई भी कांग्रेस नेता

बचाव में उतरे राहुल, नेहरू की तस्वीर के साथ किया पलटवार

नई दिल्ली। भाजपा सांसदों द्वारा निकाली गई तिरंगा रैली में एक भी कांगे्रस नेता के शामिल नहीं होने के साथ ही अब नई राजनीति की जंग छिड़ गई है। मुद्दे को डैमेज कंट्रोल करने के लिए कांगे्रसियों ने सोशल मीडिया पर देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर शेयर कर रहे हैं। तस्वीर में पं. नेहरू हाथ में ध्वज लिए दिखाई दे रहे हैं।

इधर, कांगे्रस के इस रवैये पर केंद्र सरकार ने हमला बोला है। सरकार का कहना है कि हमने आह्वान किया था कि इस रैली में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के सांसद शामिल हों लेकिन विपक्ष का एक भी नेता शामिल नहीं हुआ। सरकार ने कहा कि तिरंगा पूरे देश का है इसलिए इसमें राजनीति करना कहां तक सही है।

राहुल गांधी ने किया पलटवार

rahul gandhi

वहीं, सरकार के आरोप पर राहुल गांधी ने पलटवार किया है। राहुल ने तिरंगा के साथ पंडित जवाहर लाल नेहरू की तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा कि देश की शान है, हमारा तिरंगा हर हिंदुस्तानी के दिल में है, हमारा तिरंगा।

तिरंगा लिए नेहरू की तस्वीर वाली डीपी लगा रहे हैं कांग्रेस के कई नेता

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लोगों से अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल तस्वीर के रूप में ‘तिरंगाÓ लगाने का अनुरोध किए जाने की पृष्ठभूमि में बुधवार को कहा कि उसके नेता देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की हाथ में तिरंगा वाली तस्वीर की डीपी (डिस्प्ले पिक्चर) लगाएंगे।

पीएम मोदी का संदेश उनके परिवार तक ही नहीं पहुंच पा रहा : जयराम रमेश

मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हुए यह सवाल भी किया कि जिन्होंने अपने मुख्यालय पर आजादी के बाद 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया, क्या वे प्रधानमंत्री की बात मानेंगे? कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘वर्ष 1929 के लाहौर अधिवेशन में रावी नदी के तट पर झंडा फहराते हुए पंडित नेहरू ने कहा था एक बार फिर आपको याद रखना है कि अब यह झंडा फहरा दिया गया है। जब तक एक भी हिंदुस्तानी मर्द, औरत, बच्चा जिंदा है, यह तिरंगा झुकना नहीं चाहिए। देशवासियों ने ऐसा ही किया। उन्होंने कहा कि हम हाथ में तिरंगा लिए अपने नेता नेहरू की डीपी लगा रहे हैं। लेकिन लगता है प्रधानमंत्री का संदेश उनके परिवार तक ही नहीं पहुंचा। जिन्होंने 52 वर्षों तक नागपुर में अपने मुख्यालय में झंडा नहीं फहराया, वे क्या प्रधानमंत्री की बात मानेंगे?

संघ वालों, अब तो तिरंगे को अपना लो: पवन खेड़ा

कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा ने आरएसएस और इसके प्रमुख मोहन भागवत के ट्विटर प्रोफाइल के स्क्रीन शॉट साझा करते हुए कहा कि संघ वालों, अब तो तिरंगे को अपना लो।

पीएम मोदी ने डीपी के रूप में तिरंगा लगाने का आग्रह किया

tiranga

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित केंद्र की सत्ताधारी पार्टी के अन्य नेताओं ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की ‘डिस्प्लेÓ तस्वीर पर मंगलवार को ‘तिरंगाÓ लगाया और लोगों से भी ऐसा करने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें : राजस्थान में पैर पसारने लगा लंपी इंफेक्शन