कांग्रेस नेता ने यह क्या दिया बयान… जो भाजपा मंगवा रही माफी

बयान का विरोध

कांग्रेस नेता के बयान पर गरमा रही सियासत

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्व‌ारा देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हुईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर अपमानजनक बयान देने का मामला सामने आया है। यह बयान एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में दिया गया। इस बयान के बाद भाजपा नेताओं ने अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी को लेकर उन पर सवाल उठाए। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए नामित करने के बाद से ही कांग्रेस उनका अपमान कर रही है। अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति को अपमानजनक तरीके से संबोधित किया है। एक आदिवासी महिला का इस तरह अपमान करना बेहद शर्मनाक है।

की है अपमानजनक टिप्पणी : ईरानी

दरअसल कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने आगे कहा कि कांग्रेस आज भी इस बात को स्वीकार नहीं कर पा रही कि एक आदिवासी महिला इस देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद को सुशोभित कर रही हैं। सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर रंजन ने द्रौपदी मुर्मु को अपमानजनक टिप्पणी से संबोधित किया। जबसे द्रौपदी मुर्मु का नाम राष्ट्रपति के उम्मीदवार के रूप में घोषित हुआ, तब से ही राष्ट्रपति मुर्मू कांग्रेस पार्टी की घृणा और उपहास का शिकार बनीं। उन्हें कांग्रेस द्वारा दुर्भावनापूर्ण रूप से निशाना बनाया गया और राष्ट्रपति चुने जाने के बाद भी उनके खिलाफ हमले रुकते नहीं दिख रहे हैं।

भाजपा सांसदों का प्रदर्शन

कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ संसद में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और भाजपा सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी से माफी मांगने की बात कही।

कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए

स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस ने सोनिया गांधी की अध्यक्षता में ये संस्कार और मूल्यविहीन एवं संविधान को चोट पहुंचाने वाला काम किया है। संसद में और सड़क पर कांग्रेस और उनके नेताओं को देश की प्रथम नागरिक, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी और देश से माफी मांगनी चाहिए।

माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं : अधीर रंजन

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा माफी मांगने का कोई सवाल ही नहीं है। मैंने गलती से इस शब्द का इस्तेमाल कर दिया था। अब अगर आप मुझे इसके लिए फांसी देना चाहते हैं, तो आप कर सकते हैं… सत्ताधारी दल एक जानबूझकर साजिश में एक तिल से पहाड़ बनाने की कोशिश कर रहा है।

यह भी पढ़ें… मुद्रास्फीति कम करने के लिए फिर बढ़ीं ब्याज दर… जानें कितनी