तेज हुई ट्विटर वॉर, कांग्रेस का हैंडल सस्पेंड, पार्टी बोली- डरने वाले नहीं हैं

कांग्रेस,congress
कांग्रेस,congress

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता और वायनाड सांसद राहुल गांधी का ट्विटर एकाउंट सस्पेंड होने के बाद कांग्रेस का ट्विटर हैंडल लॉक कर दिया गया है। इससे पहले कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया था कि उनके एकाउंट सहित कांंग्रेस के पांच दिग्गज नेताओं का भी ट्विटर एकाउंट भी लॉक कर दिया गया है। राहुल गांधी और कांग्रेस के कई अन्य नेताओं के बाद अब ट्विटर ने कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को लॉक कर दिया है। कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि ट्विटर ने पार्टी के आधिकारिक हैंडल @INCIndia को लॉक कर दिया है।

इसकी जानकारी पार्टी ने अपने फेसबुक पेज के जरिए दी है, साथ ही यह भी कहा है कि पार्टी और उनके नेता इनसे डरने वाले नहीं हैं। माना जा रहा है कि ट्विटर ने नियमों के उल्लंघन को लेकर यह कार्रवाई की है। सोशल मीडिया कंपनी इससे पहले इसी तरह की कार्रवाई राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कर चुकी है।

कांग्रेस ने अपने लॉक किए गए ट्विटर अकाउंट का स्क्रीनशॉट लेकर फेसबुक पेज पर शेयर किया है और लिखा है- जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या खाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे। अगर बलात्कार पीडि़ता बच्ची को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना अपराध है, तो ये अपराध हम सौ बार करेंगे। जय हिंद…सत्यमेव जयते।