जिप की 29 सीटों में से 17 कांग्रेस ने जीती, जिला प्रमुख बनना तय

दौसा। जिला परिषद में कांग्रेस को 17, भाजपा को 8, बसपा को 1 और निर्दलीयों को 3 सीट मिली है। कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। ऐसे में इस बार भी जिला प्रमुख कांग्रेस का बनना तय है। इससे पहले 2005, 2010 और 2015 में भी कांग्रेस के जिला प्रमुख थे। ऐसे में जिला परिषद पर चौथी बार कब्जा हुआ है। इसमें जिले के 2 मंत्रियों सहित 4 विधायकों की प्रतिष्ठा दाव पर थी, लेकिन परिणाम कांग्रेस का परचम लहरा गया है।

दूसरी ओर, भाजपा के सांसद डॉ. किरोडी लाल मीणा, सांसद रामकंवार वर्मा, सांसद जसकौर मीणा सहित पूर्व मंत्रियों व पूर्व विधायकों द्वारा धुंधाधार प्रचार के बावजूद भाजपा बढ़त नहीं ले सकी। इसी तरह जिले की 11 पंचायत समितियों के 225 वार्डों में कांग्रेस ने 114, भाजपा ने 67, बसपा ने 06 और निर्दलीय 38 ने जीत दर्ज की है। सभी पंचायत समितियों में कांग्रेस बहुमत में रही है, लेकिन एक भी पंचायत समिति में दो तिहाई का आंकड़ा नहीं छू सकी है।

संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस के प्रधान बनते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन निर्दलीय व भीतर घात से कई जगह सीट गवानी पड़ सकती है। महवा, लवाण, लालसोट व सिकंदरा में भाजपा टक्कर में है, जो निर्दलीयों को मिला कर कांग्रेस को शिकस्त दे सकती है। 2015 के चुनाव में भी जिले में 6 पंचायत समितियों में भाजपा एक भी प्रधान नहीं बना सकी थी, लेकिन इस बार जोड़ तोड़ करने पर 4 जगह चांस मिल सकता है।

यह भी पढ़ें-देश पर कुर्बान होने वाले सैनिक हमारे असली हीरो : खाचरियावास